Home › पद्य कोश › कविता › श्रद्धाञ्जलि — निराला (अणिमा)

श्रद्धाञ्जलि — निराला (अणिमा)

✍️ सूर्यकांत त्रिपाठी 'निराला' · कविता · छायावाद युग · ⏱ लगभग 1 मिनट

📌 किन परीक्षाओं के लिए उपयोगी:

📝 अणिमा (1943) — सूर्यकांत त्रिपाठी 'निराला'

अक्षर आकार:

श्रद्धाञ्जलि

(आचार्य शुक्ल जी के प्रति)

अमा निशा थी समालोचना के अम्बर पर
उदित हुए जब तुम हिन्दी के दिव्य कलाधर।
दीप्ति-द्वितीया हुई लीन खिलने से पहले
किन्तु निशाचर सन्ध्या के अन्तर में दहले।
स्पष्ट तृतीया, खिंची दृष्टि लोगों की सहसा,
छिड़ी सिद्ध साहित्यिक से तुमसे जब वचसा।
मुक्त चतुर्थी, समालोचना वधू ब्याहकर
लाये तुम, पञ्चमी काव्यवाणी अपने घर।
षष्टी; छः ऐश्वर्य प्रदर्शित कोष प्राण में;
शिक्षण की सप्तमी, महार्णव सप्त ज्ञान में।
दिये अष्टमी आठों वसु टीकाओं में भर,
नवमी शान्ति ग्रहों की, दशमी विजित दिगम्बर।
एकादशी रुद्रता, रामा कला द्वादशी,
त्रयोदशी-प्रदोष-गत चतुदशी-रत्न शशी।