हिंदी व्याकरण — लिंग : पहचान के नियम और स्त्रीलिंग बनाना

शब्द के जिस रूप से उसके पुरुष या स्त्री जाति का होने का बोध हो, उसे लिंग कहते हैं। हिंदी में दो लिंग हैं — पुल्लिंग और स्त्रीलिंग (संस्कृत में नपुंसकलिंग भी होता है)। लिंग की पहचान प्रायः क्रिया या विशेषण के रूप से होती है: "दही खट्टा है" (पुल्लिंग), "चाय ठंडी हो गई" (स्त्रीलिंग)।

1. पुल्लिंग पहचानने के प्रमुख नियम

  • पर्वत, समुद्र, देश, ग्रह, महीने, वार, धातुएँ, रत्न, अनाज, पेड़: हिमालय, सागर, भारत, सूर्य, चैत्र, सोमवार, सोना, हीरा, गेहूँ, पीपल। (अपवाद — पृथ्वी, चाँदी, ज्वार, मूँग, अरहर, इमली स्त्रीलिंग)
  • -आ, -आव, -पन, -त्व, -आपा अंत वाले भाववाचक: बहाव, बचपन, मनुष्यत्व, बुढ़ापा।
  • संस्कृत के -अ अंत वाले अधिकांश शब्द: ज्ञान, धन, जीवन।

2. स्त्रीलिंग पहचानने के प्रमुख नियम

  • नदियाँ, भाषाएँ, बोलियाँ, तिथियाँ, नक्षत्र: गंगा, हिंदी, ब्रजभाषा, पूर्णिमा, अश्विनी। (अपवाद — सिंधु, ब्रह्मपुत्र, सोन पुल्लिंग)
  • -ई, -इया, -आई, -आवट, -आहट, -ता, -ति अंत वाले: नदी, डिबिया, पढ़ाई, सजावट, घबराहट, सुंदरता, शक्ति।
  • आहार की अधिकांश वस्तुएँ: रोटी, दाल, सब्ज़ी, खिचड़ी (अपवाद — भात, दही, हलवा पुल्लिंग)।

3. कठिन शब्दों का लिंग

पुल्लिंगस्त्रीलिंग
दही, घी, पानी, मोती, आँसू, तेल, दंगा, सामान, ताला, प्राणसरकार, मौत, जनता, आत्मा, पुस्तक, क़लम, आयु, वायु, हवा, बर्फ़, चर्चा, ऋतु, मृत्यु

4. स्त्रीलिंग बनाने के नियम

प्रत्ययपुल्लिंग → स्त्रीलिंग
-ईलड़का → लड़की, देव → देवी, नर → नारी
-इयाबूढ़ा → बुढ़िया, बेटा → बिटिया, चूहा → चुहिया
-इनधोबी → धोबिन, माली → मालिन, नाती → नातिन
-नीमोर → मोरनी, शेर → शेरनी, ऊँट → ऊँटनी
-आनीसेठ → सेठानी, देवर → देवरानी, जेठ → जेठानी
-आइनपंडित → पंडिताइन, ठाकुर → ठकुराइन
-आ (संस्कृत)छात्र → छात्रा, बाल → बाला, प्रिय → प्रिया
-इकाबालक → बालिका, लेखक → लेखिका, अध्यापक → अध्यापिका
-वती / -मतीगुणवान → गुणवती, श्रीमान → श्रीमती, बुद्धिमान → बुद्धिमती
-त्रीदाता → दात्री, कर्ता → कर्त्री, धाता → धात्री
भिन्न शब्दपिता → माता, राजा → रानी, पुरुष → स्त्री, वर → वधू, सम्राट → साम्राज्ञी

नित्य पुल्लिंग: खटमल, उल्लू, भेड़िया, कौआ, गैंडा। नित्य स्त्रीलिंग: मक्खी, कोयल, मैना, छिपकली, तितली — लिंग बताने के लिए 'नर/मादा' जोड़ते हैं: नर कोयल, मादा भेड़िया।

🎯 Take this Topic's Quiz (10 प्रश्न)

टॉपिक 12 / 32 · All Topics →