📌 किन परीक्षाओं के लिए उपयोगी:
📝 अणिमा (1943) — सूर्यकांत त्रिपाठी 'निराला'
अक्षर आकार:
अज्ञता
मन के तिनके
नहीं जले अब तक भी जिनके,
देखा नहीं उन्होंने अब तक कोना-कोना
अपने जीवन का, दुनिया की चाँदी, सोना,
लाल, जवाहर, हीरे, मोती
छिपे हुए हैं अब तक उनसे, अब तक सोती
जगती भी आकाङ्क्षा उनकी,
अब तक धुन की
नहीं उठी लौ,
उनके आसमान की अब तक नहीं फटी पौ,
नहीं दिखा
उनके जीवन की पुस्तक में है कहाँ क्या लिखा,
मिले तार
उनके औरों से नहीं, नहीं बजती बहार।