📝 अणिमा (1943) — सूर्यकांत त्रिपाठी 'निराला'
तुम और मैं
झुकता है सर,
दुनिया से मैं धोखा खाकर
गिरता हूँ जब,
मुझे उठा लेते हो तुम तब
ज्यों पानी को किरन, तपाकर।
फिर दुनिया की आँखों से मुझको ओझल कर
रखते आसमान पर,
बादल मुझे बनाते
रंग किरनों से भरते हो सुन्दर;
मुझे उड़ाते रहते हो फिर हवा-हवा पर;
तर सागर-वन
नदी आर्द्र घन
मैं देखता देश-देशान्तर;
तब यह जग आहें भर-भर
कहता है, 'आओ, जलधर!'
गरज-गरज बिजली कड़काकर
(जब कहते हो, जाओ, प्यारे,)
लाख-लाख बूँदों से मैं टूटता गगन से
जैसे तारे।
मिट जाती है जलन
मगर मैं आ जाता हूँ फिर मिट्टी पर,
पर तुम मुझे! उठाते हो फिर
छिपे कली के दिल के अन्दर।
जड़ से चढ़कर,
तने-शाख-डण्ठल से होकर,
रहता हूँ अविकच कलिका के
जीवन में मैं जीवन खोकर।
जब वह खिलती,
आँखें लड़ा-लड़ाकर मिलती,
उसे तोड़कर,
मालिन सुई चलाती है मुँह मोड़ मोड़कर,
मैं खुशबू में उड़ता हूँ तब,
उसी गगन पर, मुक्त-पङ्खभर,
धरा छोड़कर।