Home › पद्य कोश › कविता › जननि मोहमयी तमिस्ना दूर मेरी हो गई है — निराला (अणिमा)

जननि मोहमयी तमिस्ना दूर मेरी हो गई है — निराला (अणिमा)

✍️ सूर्यकांत त्रिपाठी 'निराला' · कविता · छायावाद युग · ⏱ लगभग 1 मिनट

📌 किन परीक्षाओं के लिए उपयोगी:

📝 अणिमा (1943) — सूर्यकांत त्रिपाठी 'निराला'

अक्षर आकार:

जननि, मोहमयी तमिस्रा दूर मेरी हो गई है।
विश्व-जीवन की विविधता एकता में खो गई है।

देखता हूँ यहाँ, काले-लाल-पीले-श्वेत जन में
शान्ति की रेखा खिंची है, क्रान्ति कृष्णा से गई है।

जग रहे हैं वे जगत् में जो तुम्हारी गोद में हैं,
दृष्टि में उनकी अपरिचयता पराई सो गई है।

काम आये हैं, बने हैं जो किसी के भी बनाये
बीज पानी में, जवानी में, सुखाशा बो गई है।

चाल उलटी फिर उलटती है यही है सत्य जग का;
देखता हूँ, पल्लवों की धूल वर्षा धो गई है।

'४२