Home › पद्य कोश › कविता › दलित जन पर करो करुणा — निराला (अणिमा)

दलित जन पर करो करुणा — निराला (अणिमा)

✍️ सूर्यकांत त्रिपाठी 'निराला' · कविता · छायावाद युग · ⏱ लगभग 1 मिनट

📌 किन परीक्षाओं के लिए उपयोगी:

📝 अणिमा (1943) — सूर्यकांत त्रिपाठी 'निराला'

अक्षर आकार:

दलित जन पर करो करुणा।
दीनता पर उतर आये
प्रभु, तुम्हारी शक्ति अरुणा।
हरे तन-मन प्रीति पावन,
मधुर हो मुख मनोभावन,
सहज चितवन पर तरङ्गित
हो तुम्हारी किरण तरुणा।
देख वैभव न हो नत सिर,
समुद्धत मन सदा हो स्थिर,
पार कर जीवन निरन्तर
रहे बहती भक्ति-वरुणा।