Home › पद्य कोश › पद › भ्रमरगीत-सार — पद 21 से 40

भ्रमरगीत-सार — पद 21 से 40

✍️ सूरदास · पद · भक्तिकाल · ⏱ लगभग 7 मिनट

📌 किन परीक्षाओं के लिए उपयोगी:

📝 भ्रमरगीत-सार (सं. आचार्य रामचंद्र शुक्ल) — पद 21 से 50 असिस्टेंट प्रोफेसर पाठ्यक्रम में निर्धारित।

सूरदास के भ्रमरगीत के पद 21 से 40 — उद्धव-गोपी संवाद, निर्गुण पर सगुण भक्ति की विजय।

अक्षर आकार:

पद 21

राग केदार
गोकुल सबै गोपाल-उपासी।

जोग-अंग साधत जे ऊधो ते सब बसत ईसपुर कासी॥
यद्यपि हरि हम तजि अनाथ करि तदपि रहति चरननि रसरासी।
अपनी सीतलताहि न छाँड़त यद्यपि है ससि राहु-गरासी।
का अपराध जोग लिखि पठवत प्रेमभजन तजि करत उदासी।
सूरदास ऐसी को बिरहिन माँगति मुक्ति तजे गुनरासी?॥२१॥


पद 22

राग धनाश्री
जीवन मुँहचाही को नीको।

दरस परस दिनरात करति हैं कान्ह पियारे पी को॥
नयनन मूँदि मूँदि किन देखौ बँध्यो ज्ञान पोथी को।
आछे सुंदर स्याम मनोहर और जगत सब फीको॥
सुनौ जोग को का लै कीजै जहाँ ज्यान है जी को?
खाटी सही नहीं रुचि मानै सूर खवैया घी को॥२२॥


पद 23

राग काफी
आयो घोष बड़ो ब्योपारी।

लादि खेप गुन ज्ञान-जोग की ब्रज में आय उतारी॥
फाटक दै कर हाटक माँगत भोरै निपट सु धारी।
धुर ही तें खोटो खायो है लये फिरत सिर भारी॥
इनके कहे कौन डहकावै ऐसी कौन अजानी?

अपनो दूध छांडि को पीवै खार कूप को पानी॥
ऊधो जाहु सबार यहाँ तें बेगि गहरु जनि लावौ।
मुँहमाँग्यो पैहो सूरज प्रभु साहुहि आनि दिखावौ॥२३॥


पद 24

जोग ठगौरी ब्रज न बिकैहै।

यह ब्योपार तिहारो ऊधो ऐसोई फिरि जैहै॥
जापै लै आए हौ मधुकर ताके उर न समैहै।
दाख छांड़ि कै कटुक निंबौरी को अपने मुख खैहै?
मूरी के पातन के केना को मुक्ताहल दैहै।
सूरदास प्रभु गुनहिं छांड़ि कै को निर्गुन निरबैहै? ॥२४॥


पद 25

राग नट
आए जोग सिखावन पाँड़े।

परमारथी पुराननि लादे ज्यों बनजारे टाँड़े॥
हमरी गति पति कमलनयन की जोग सिखैं ते राँड़े॥
कहौ, मधुप, कैसे समायँगे एक म्यान दो खाँड़े॥
कहु षटपद, कैसे खैयतु है हाथिन के संग गाँड़े‌।
काकी भूख गई बयारि भखि बिना दूध घृत माँड़े॥
काहे को झाला लै मिलवत, कौन चोर तुम डांड़े?
सूरदास तीनों नहिं उपजत धनिया धान कुम्हाँड़े॥२५॥


पद 26

राग बिलावल
ए अलि! कहा जोग में नीको?

तजि रसरीति नंदनंदन की सिखवत निर्गुन फीको॥
देखत सुनत नाहिं कछु स्रवननि, ज्योति ज्योति करि ध्यावत।
सुंदरस्याम दयालु कृपानिधि कैसे हौ बिसरावत?
सुनि रसाल मुरली-सुर की धुनि सोई कौतुक-रस भूलैं।
अपनी भुजा ग्रीव पर मेलैं गोपिन के सुख फूलैं॥
लोककानि कुल को भ्रम प्रभु मिलि मिलि कै घर बन खेली।
अब तुम सूर खवावन आए जोग जहर की बेली॥२६॥


पद 27

राग मलार
हमरे कौन जोग ब्रत साधै?

मृगत्वच, भस्म, अधारि, जटा को को इतनो अवराधै?
जाकि कहूं थाह नहिं पैए अगम, अपार, अगाधै।
गिरिधर लाल छबीले मुख पर इते बाँध को बाँधै?
आसन, पवन विभूति मृगछाला ध्याननि को अवराधै?
सूरदास मानिक परिहरि कै राख गाँठि को बाँधै? ॥२७॥


पद 28

राग धनाश्री
हम तो दुहूं भाँति फल पायो।

जो ब्रजनाथ मिलैं तो नीको, नातरु जग जस गायो॥
कहँ वै गोकुल की गोपी सब बरनहीन लघुजाती।
कहँ वै कमला के स्वामी सँग मिलि बैठीं इक पाँती॥

निगमध्यान मुनिज्ञान अगोचर, ते भए घोषनिवासी।
ता ऊपर अब साँच कहो धौं मुक्ति कौन की दासी?
जोग-कथा, पा लागों उधो, ना कहु बारंबार।
सूर स्याम तजि और भजै जो तानी जननी छार॥२८॥


पद 29

राग कान्हरो
पूरनता इन नयन न पूरी।

तुम जो कहत स्रवननि सुनि समुझत, ये याही दुख मरति बिसूरी।
हरि अंतर्यामी सब जानत बुद्धि बिचारत बचन समूरी।
वै रस रूप रतन सागर निधि क्यों मनि पाय खवावत धूरी।
रहु रे कुटिल, चपल, मधुलंपट, कितव सँदेस कहत कटु कूरी।
कहँ मुनिध्यान कहाँ ब्रजयुवती! कैसे जात कुलिस करि चूरी।
देखु प्रगट सरिता, सागर, सर सीतल सुभग स्वाद रुचि रूरी।
सूर स्वातिजल बसै जिय चातक चित लागत सब झूरी॥२९॥


पद 30

राग धनाश्री
हमतें हरि कबहूँ न उदास।

राति-खवाय पिवाय अधररस सो क्यों बिसरत ब्रज को वास॥
तुमसों प्रेमकथा को कहिबो मनहुँ काटिबो घास।
बहिरो तान-स्वाद कह जानै, गूँगो बात-मिठास॥
सुनु री सखी, बहुरि फिरि ऐहैं वे सुख बिबिध विलास।
सूरदास ऊधो अब हमको भयो तेरहों मास॥३०॥


पद 31

तेरो बुरो न कोऊ मानै।

रस की बात मधुप नीरस, सुनु, रसिक होत सो जानै॥
दादुर बसै निकट कमलन के जन्म न रस पहिंचानै।
अलि अनुराग उड़न मन बाँध्यो कहे सुनत नहिं कानै॥
सरिता चलै मिलन सागर को कूल मूल द्रुम भानै।
कायर बकै, लोह तें भाजै, लरै जो सूर बखानै॥३१॥


पद 32

घर ही के बाढ़े रावरे।

नाहिंन मीत बियोगबस परे अनवउगे अलि बावरे!
भुखमरि जाय चरै नहिं तिनुका सिंह को यहै स्वभाव रे।
स्रवन सुधा-मुरली के पोषे जोग-जहर न खवाव, रे!
ऊधो हमहि सीख का दैहो? हरि बिनु अनत न ठाँव रे!
सूरदास कहा लै कीजै थाही नदिया नाव, रे!॥३२॥


पद 33

राग मलार
स्याममुख देखे ही परतीति।

जो तुम कोटि जतन करि सिखवत जोग ध्यान की रीति॥
नाहिंन कछू सयान ज्ञान में यह हम कैसे मानैं।
कहौ कहा कहिए या नभ को कैसे उर में आनैं॥
यह मन एक, एक वह मूरति, भृंगकीट सम माने।
सूर सपथ दै बूझत ऊधो यह ब्रज लोग सयाने॥३३॥


पद 34

राग धनाश्री
लरिकाई को प्रेम, कहौ अलि, कैसे करिकै छूटत?

कहाँ कहौं ब्रजनाथ-चरित अब अँतरगति यों लूटत॥
चंचल चाल मनोहर चितवनि, वह मुसुकानि मंद धुनि गावत।
नटवर भेस नंदनंदन को वह बिनोद गृह बन तें आवत॥
चरनकमल की सपथ करति हौं यह सँदेस मोहिं बिष सम लागत।
सूरदास मोहि निमिष न बिसरत मोहन सूरति सोवत जागत॥३४॥


पद 35

राग सोरठ
अटपटि बात तिहारी ऊधो सुनै सो ऐसी को है?

हम अहीरि अबला सठ, मधुकर! तिन्हैं जोग कैसे सोहै?
बूचिहि खुभी आँधरी काजर, नकटी पहिरै बेसरि।
मुँडली पाटी पारन चाहै, कोढ़ी अंगहि केसरि॥
बहिरी सों पति मतो करै सो उतर कौन पै पावै?
ऐसो न्याव है ताको ऊधो जो हमैं जोग सिखावै॥
जो तुम हमको लाए कृपा करि सिर चढ़ाय हम लीन्ह।
सूरदास नरियर जो बिष को करहिं बंदना कीन्ह॥३५॥


पद 36

राग विहागरो
बरु वै कुब्जा भलो कियो।

सुनि सुनि समाचार ऊधो मो कछुक सिरात हियो॥
जाको गुन, गति, नाम, रूप हरि, हार्‌यो फिरि न दियो।

तिन अपनो मन हरत न जान्यो हँसि हँसि लोग जियो॥
सूर तनक चंदन चढ़ाय तन ब्रजपति बस्य कियो।
और सकल नागरि नारिन को दासी दाँव लियो॥३६॥


पद 37

राग सारंग
हरि काहे के अंतर्यामी?

जौ हरि मिलत नहीं यहि औसर, अवधि बतावत लामी॥
अपनी चोप जाय उठि बैठे और निरस बेकामी?
सो कह पीर पराई जानै जो हरि गरुड़ागामी॥
आई उघरि प्रीति कलई सी जैसे खाटी आमी।
सूर इते पर अनख मरति हैं, उधो पीवत मामी॥३७॥


पद 38

बिलग जनि मानहु, ऊधो प्यारे!

वह मथुरा काजर की कोठरि जे आवहिं ते कारे॥
तुम कारे, सुफलकसुत कारे, कारे मधुप भँवारे।
तिनके संग अधिक छबि उपजत कमलनैन मनिआरे॥
मानहु नील माट तें काढ़े लै जमुना ज्यों पखारे।
ता गुन स्याम भई कालिंदी सूर स्याम-गुन न्यारे॥३८॥


पद 39

राग सारंग
अपने स्वारथ को सब कोऊ।

चुप करि रहौ, मधुप रस लंपट! तुम देखे अरु वोऊ॥
औरौ कछू सँदेस कहन को कहि पठयो किन सोऊ।

लीन्हे फिरत जोग जुबतिन को बड़े सयाने दोऊ॥
तब कत मोहन रास खिलाई जो पै ज्ञान हुतोऊ?
अब हमरे जिय बैठो यह पद 'होनी होउ सो होऊ'॥
मिटि गयो मान परेखो ऊधो हिरदय हतो सो होऊ।
सूरदास प्रभु गोकुलनायक चित-चिंता अब खोऊ॥३९॥


पद 40

तुम जो कहत सँदेसो आनि।

कहा करौं वा नँदनंदन सों होत नहीं हितहानि॥
जोग-जुगुति किहि काज हमारे जदपि महा सुखखानि?
सने सनेह स्यामसुन्दर के हिलि मिलि कै मन मानि॥
सोहत लोह परसि पारस ज्यों सुबरन बारह बानि।
पुनि वह चोप कहाँ चुम्बक ज्यों लटपटाय लपटानि॥
रूपरहित नीरासा निरगुन निगमहु परत न जानि।
सूरदास कौन बिधि तासों अब कीजै पहिचानि? ॥४०॥