हिंदी साहित्य का इतिहास (6) — आधुनिक काल : भारतेन्दु युग और द्विवेदी युग

आधुनिक काल (संवत् 1900 से) को शुक्लजी ने 'गद्यकाल' कहा, क्योंकि इसी समय हिंदी गद्य का वास्तविक विकास हुआ। कविता की दृष्टि से इसे भारतेन्दु युग, द्विवेदी युग, छायावाद और छायावादोत्तर काल में बाँटा जाता है।

1. आधुनिक काल की पृष्ठभूमि

  • फ़ोर्ट विलियम कॉलेज (कलकत्ता, 1800) — जॉन गिलक्राइस्ट के निर्देशन में लल्लूलाल ('प्रेमसागर') और सदल मिश्र ('नासिकेतोपाख्यान') ने खड़ी बोली गद्य लिखा।
  • खड़ी बोली गद्य के चार आरंभिक लेखक — मुंशी सदासुखलाल 'नियाज़' ('सुखसागर'), इंशा अल्ला ख़ाँ ('रानी केतकी की कहानी'), लल्लूलाल और सदल मिश्र।
  • हिंदी का प्रथम समाचार-पत्र — 'उदंत मार्तंड' (30 मई 1826, कलकत्ता, संपादक — जुगल किशोर शुक्ल)। इसी कारण 30 मई 'हिंदी पत्रकारिता दिवस' के रूप में मनाया जाता है।
  • राजा शिवप्रसाद 'सितारेहिंद' (अरबी-फ़ारसी मिश्रित सरल हिंदी के पक्षधर) और राजा लक्ष्मण सिंह (संस्कृतनिष्ठ हिंदी के पक्षधर) का भाषा-विवाद।

2. भारतेन्दु युग (लगभग 1850–1900)

प्रवृत्तियाँ: राष्ट्रप्रेम और देश-दुर्दशा का चित्रण, समाज-सुधार, भक्ति और श्रृंगार की पुरानी धारा भी; कविता की भाषा मुख्यतः ब्रज, गद्य की भाषा खड़ी बोली; हास्य-व्यंग्य; पत्र-पत्रिकाओं का प्रसार; नाटक और निबंध का विकास।

भारतेन्दु हरिश्चंद्र (1850–1885)

  • आधुनिक हिंदी साहित्य के जनक; 1880 में 'भारतेन्दु' की उपाधि मिली।
  • पत्रिकाएँ — 'कविवचनसुधा' (1868), 'हरिश्चंद्र मैगज़ीन' (1873; बाद में 'हरिश्चंद्र चंद्रिका'), 'बालाबोधिनी' (स्त्रियों के लिए, 1874)।
  • नाटक — 'वैदिकी हिंसा हिंसा न भवति', 'भारत दुर्दशा', 'अंधेर नगरी', 'नीलदेवी', 'सत्य हरिश्चंद्र', 'चंद्रावली', 'प्रेमजोगिनी'; अनूदित — 'विद्यासुंदर', 'मुद्राराक्षस', 'कर्पूरमंजरी' — भारतेन्दु की रचनाएँ गद्य कोश में →
  • प्रसिद्ध पंक्ति — "निज भाषा उन्नति अहै, सब उन्नति को मूल।"

भारतेन्दु मंडल

लेखकपत्रिका / रचना
बालकृष्ण भट्ट'हिंदी प्रदीप' (1877) — निबंधकार
प्रतापनारायण मिश्र'ब्राह्मण' (1883); "हिंदी, हिंदू, हिंदुस्तान" का नारा
बदरीनारायण चौधरी 'प्रेमघन''आनंद कादंबिनी', 'नागरी नीरद'
ठाकुर जगमोहन सिंह'श्यामास्वप्न' (उपन्यास)
अंबिकादत्त व्यास'पीयूष प्रवाह'; संस्कृत में 'शिवराजविजयम्'
राधाचरण गोस्वामी'भारतेन्दु' पत्रिका

3. द्विवेदी युग (लगभग 1900–1920)

आचार्य महावीरप्रसाद द्विवेदी ने 1903 में 'सरस्वती' पत्रिका (प्रकाशन आरंभ 1900, इलाहाबाद) का संपादन सँभाला और भाषा का परिष्कार, व्याकरण-शुद्धता तथा खड़ी बोली को कविता की भाषा बनाने का आंदोलन चलाया। इसी कारण इसे 'जागरण-सुधार काल' भी कहा जाता है।

प्रवृत्तियाँ: खड़ी बोली की प्रतिष्ठा, इतिवृत्तात्मकता, नैतिकता और आदर्शवाद, राष्ट्रीयता, पौराणिक व ऐतिहासिक कथानकों का नवीन संदर्भ में प्रयोग, संस्कृत वर्णवृत्तों का प्रयोग।

कविप्रमुख रचनाएँविशेष
मैथिलीशरण गुप्त (1886–1964)भारत-भारती (1912), साकेत (1931), यशोधरा, जयद्रथ वध, पंचवटी, द्वापर, विष्णुप्रिया'राष्ट्रकवि' (गांधीजी द्वारा संबोधित); साकेत में उर्मिला का विरह (नवम सर्ग); 'दद्दा'
अयोध्यासिंह उपाध्याय 'हरिऔध'प्रियप्रवास (1914), वैदेही वनवास, चोखे चौपदे, चुभते चौपदे, रसकलशप्रियप्रवास — खड़ी बोली का प्रथम महाकाव्य; संस्कृत वर्णवृत्तों में — प्रियप्रवास और वैदेही वनवास पद्य कोश में →
श्रीधर पाठकएकांतवासी योगी, जगत सचाई सार, ऊजड़ ग्रामस्वच्छंदतावाद के अग्रदूत; गोल्डस्मिथ की रचनाओं के अनुवाद
रामनरेश त्रिपाठीमिलन, पथिक, स्वप्न, मानसी; 'कविता कौमुदी' (संकलन)ग्रामगीतों का संकलन किया
नाथूराम शर्मा 'शंकर'अनुराग रत्न, शंकर सरोजसमाज-सुधारवादी
गयाप्रसाद शुक्ल 'सनेही''त्रिशूल' उपनाम से राष्ट्रीय कविताएँ'सुकवि' पत्रिका
रामचरित उपाध्यायरामचरितचिंतामणि—

4. याद रखें

  • खड़ी बोली का प्रथम महाकाव्य — प्रियप्रवास (हरिऔध)।
  • 'भारत-भारती' के तीन खंड — अतीत, वर्तमान और भविष्यत्।
  • 'सरस्वती' पत्रिका — इंडियन प्रेस, इलाहाबाद; द्विवेदीजी 1903 से 1920 तक संपादक रहे।
  • हिंदी की प्रथम कहानी को लेकर विवाद — 'इंदुमती' (किशोरीलाल गोस्वामी, 1900), 'एक टोकरी भर मिट्टी' (माधवराव सप्रे, 1901), 'दुलाईवाली' (बंग महिला, 1907) आदि।

टॉपिक 6 / 9 · All Topics →