हिंदी व्याकरण — कारक : आठ कारक, विभक्ति-चिह्न और पहचान

संज्ञा या सर्वनाम का वाक्य के अन्य शब्दों (विशेषतः क्रिया) से जो संबंध होता है, उसे कारक कहते हैं। कारक को प्रकट करने वाले चिह्न विभक्ति या परसर्ग कहलाते हैं। हिंदी में आठ कारक हैं।

कारकविभक्ति-चिह्नपहचानउदाहरण
कर्ताने (कभी चिह्न-रहित)क्रिया करने वालाराम ने पत्र लिखा। / सीता गाती है।
कर्मको (कभी चिह्न-रहित)जिस पर क्रिया का फल पड़ेमाँ ने बच्चे को सुलाया।
करणसे, के द्वाराक्रिया का साधनवह कलम से लिखता है।
संप्रदानको, के लिएजिसके लिए क्रिया हो / जिसे कुछ दिया जाएगरीब को कंबल दो। बच्चों के लिए दूध लाओ।
अपादानसे (अलग होने का भाव)अलगाव, तुलना, भय, आरंभपेड़ से पत्ते गिरे। गंगा हिमालय से निकलती है।
संबंधका, की, के; रा, री, रे; ना, नी, नेएक संज्ञा का दूसरी से संबंधराम का भाई; मेरी पुस्तक; अपना घर
अधिकरणमें, परक्रिया का आधार (स्थान/समय)मछली जल में रहती है। पुस्तक मेज़ पर है।
संबोधनहे!, अरे!, ओ!पुकारनाहे प्रभु! रक्षा करो।

नोट: संबंध कारक का क्रिया से सीधा संबंध नहीं होता, इसलिए संस्कृत वैयाकरण इसे कारक नहीं मानते; संबोधन को भी कुछ विद्वान कर्ता का ही एक रूप मानते हैं।

करण और अपादान में अंतर

दोनों में 'से' आता है। साधन के अर्थ में करण ("चाकू से फल काटा"); अलगाव के अर्थ में अपादान ("छत से गिरा")। तुलना ("राम श्याम से लंबा है"), भय ("बच्चा कुत्ते से डरता है"), दूरी ("जयपुर दिल्ली से दूर है") और आरंभ ("कल से छुट्टी है") में भी अपादान।

कर्म और संप्रदान में अंतर

दोनों में 'को' आता है। जिस पर क्रिया का प्रभाव पड़े — कर्म ("पुलिस ने चोर को पकड़ा"); जिसे कुछ दिया जाए या जिसके लिए किया जाए — संप्रदान ("राजा ने ब्राह्मण को गाय दी")। 'देना' क्रिया के साथ 'को' प्रायः संप्रदान का होता है।

'ने' चिह्न का प्रयोग

  • सकर्मक क्रिया के सामान्य, आसन्न, पूर्ण और संदिग्ध भूतकाल में: "मैंने खाना खाया", "उसने पढ़ लिया है"।
  • अकर्मक क्रियाओं के साथ 'ने' नहीं लगता: "वह आया" (न कि 'उसने आया')। अपवाद — नहाना, छींकना, थूकना, खाँसना: "उसने छींका"।
  • 'ने' लगने पर क्रिया कर्म के लिंग-वचन के अनुसार होती है: "राम ने रोटी खाई"।
🎯 Take this Topic's Quiz (10 प्रश्न)

टॉपिक 14 / 32 · All Topics →