📝 जयशंकर प्रसाद का ऐतिहासिक नाटक "चन्द्रगुप्त" (1931)। RPSC स्कूल व्याख्याता (1st Grade) हिन्दी पाठ्यक्रम 2025 में निर्धारित।
पात्र-परिचय
चन्द्रगुप्त मौर्य्य
[38]) पुरुष-पात्र चाणक्य (विष्णुगुप्त)— मौर्य्य साम्राज्य का निर्माता चन्द्रगुप्त— मौर्य्य-सम्राट् नन्द— मगध-सम्राट् राक्षस— मगध का अमात्य वररुचि (कात्यायन)— मगध का अमात्य शकटार— मगध का मन्त्री आम्भीक— तक्षशिला का राजकुमार सिहरण— मालवगण-मुख्य का कुमार पर्वतेश्वर— पंजाब का राजा (ग्रीक ऐतिहासिको का पोरस) सिकन्दर— ग्रीक-विजेता फिलिप्स— सिकन्दर का सत्रप मौर्य्य-सेनापति— चन्द्रगुप्त का पिता एनोसाक्रीटीज— सिकन्दर का सहचर देवबल }—मालव गण-तन्त्र के पदाधिकारी नागदत्त गण-मुख्य साइबर्टियस }—यवन-दूत मेगास्थनीज गान्धार-नरेश— आम्भीक का पिता सिल्यूकस— सिकन्दर का सेनापति दाण्ड्यायन— एक तपस्वी स्त्री-पात्र अलका— तक्षशिला की राजकुमारी सुवासिनी— शकटार की कन्या कल्याणी— मगध-राजकुमारी नीला }—कल्याणी की सहेलिया लीला मालविका— सिन्धु देश की कुमारी कार्नेलिया— सिल्यूकस की कन्या मौर्य्य-पत्नी— चन्द्रगुप्त की माता एलिस— कार्नेलिया की सहेलीप्रथम अंक — दृश्य १
प्रथम अंक
१
स्थान-तक्षशिला के गुरुकुल का मठ
चाणक्य और सिंहरणचाणक्य—सौम्य, कुलपति ने मुझे गृहस्थजीवन में प्रवेश करने की आज्ञा दे दी। केवल तुम्हीं लोगों को अर्थशास्त्र पढ़ाने के लिए ठहरा था; क्योंकि इस वर्ष के भावी स्नातकों को अर्थशास्त्र का पाठ पढ़ा कर मुझ अकिञ्चन को गुरु-दक्षिणा चुका देनी थी।
सिंहरण—आर्य्य, मालवों को अर्थशास्त्र की उतनी आवश्यकता नहीं, जितनी अस्त्रशास्त्र की। इसीलिए मैं पाठ में पिछड़ा रहा, क्षमा-प्रार्थी हूँ।
चाणक्य—अच्छा, अब तुम मालव जाकर क्या करोगे?
सिह॰—अभी तो मैं मालव नहीं जाता। मुझे तक्षशिला की राजनीति पर दृष्टि रखने की आज्ञा मिली है।
चाणक्य—मुझे प्रसन्नता होती है कि, तुम्हारा अर्थशास्त्र पढ़ना सफल होगा। क्या तुम जानते हो कि यवनो के दूत यहाँ क्यों आये हैं?
सिंह॰—मैं उसे जानने की चेष्टा कर रहा हूँ। आर्य्यावर्त्त का भविष्य लिखने के लिए कुचक्र और प्रतारणा की लेखनी और मसि प्रस्तुत हो रही है। उत्तरापथ के खण्ड-राज द्वेष से जर्जर हैं। शीघ्र भयानक विस्फोट होगा।
[सहसा आम्भीक और अलका का प्रवेश]
आम्भीक—कैसा विस्फोट? युवक, तुम कौन हो?
सिंह॰—एक मालव।
आम्भीक—नहीं, विशेष परिचय की आवश्यकता है।
सिंह॰—तक्षशिला गुरुकुल का एक छात्र।
आम्भीक—देखता हूँ कि तुम दुर्विनीत भी हो।
सिंह॰—कदापि नहीं राजकुमार! विनम्रता के साथ निर्भीक होना मालवों का वंशानुगत-चरित्र है, और मुझे तो तक्षशिला की शिक्षा का भी गर्व है।
आम्भीक—परन्तु तुम किसी विस्फोट की बातें अभी कर रहे थे! और चाणक्य, क्या तुम्हारा भी इसमें कुछ हाथ है?
[चाणक्य चुप रहता है]
आम्भीक—(क्रोध से)—बोलो ब्राह्मण, मेरे राज्य में रह कर, मेरे अन्न से पल कर, मेरे ही विरुद्ध कुचक्रों का सृजन!
चाणक्य—राजकुमार, ब्राह्मण न किसी के राज्य में रहता है और न किसी के अन्न से पलता है, स्वराज्य में विचरता है और अमृत हो कर जीता है। वह तुम्हारा मिथ्या गर्व है। ब्राह्मण सब कुछ सामर्थ्य रखने पर भी, स्वेच्छा से इन माया-स्तूपों को ठुकरा देता है, प्रकृति के कल्याण के लिए अपने ज्ञान का दान देता है।
आम्भीक—वह काल्पनिक महत्त्व मायाजाल है; तुम्हारे प्रत्यक्ष नीच कर्म्म उन पर पर्दा नहीं डाल सकते।
चाणक्य—सो कैसे होगा अविश्वासी क्षत्रिय! इसी से दस्यु और म्लेच्छ साम्राज्य बना रहे हैं और आर्य्य-जाति पतन के कगार पर खड़ी एक धक्के की राह देख रही है।
आम्भीक—और तुम धक्का देने का कुचक्र विद्यार्थियों को सिखा रहे हो!
सिंह॰—विद्यार्थी और कुचक्र! असम्भव। यह तो वे ही कर सकते हैं, जिनके हाथ में कुछ अधिकार हो—जिनका स्वार्थ समुद्र से भी विशाल और सुमेरु से भी कठोर हो, जो यवनों की मित्रता के लिए स्वयं वाल्हीक तक...
आम्भीक—बस-बस दुर्धर्ष युवक! बता, तेरा अभिप्राय क्या है?
सिंह॰—कुछ नहीं।
आम्भीक—नहीं, बताना होगा। मेरी आज्ञा है।
सिंह॰—गुरुकुल में केवल आचार्य की आज्ञा शिरोधार्य होती है; अन्य आज्ञाएँ, अवज्ञा के कान से सुनी जाती है राजकुमार।
अलका—भाई! इस वन्य निर्झर के समान स्वच्छ और स्वच्छन्द हृदय में कितना बलवान वेग हैं! यह अवज्ञा भी स्पृहणीय है। जाने दो।
आम्भीक—चुप रहो अलका, यह ऐसी बात नही है, जो यों ही उड़ा दी जाय। इसमें कुछ रहस्य है।
[चाणक्य चुपचाप मुस्कराता है]
सिंह॰—हाँ-हाँ, रहस्य हैं! यवन-आक्रमणकारियों के पुष्कल-स्वर्ण से पुलकित होकर, आर्य्यावर्त्त की सुख-रजनी की शान्ति-निद्रा में, उत्तरापथ की अर्गला धीरे से खोल देने का रहस्य है। क्यों राजकुमार! संभवत तक्षशिलाधीश वाल्हीक तक इसी रहस्य का उद्घाटन करने गये थे?
आम्भीक—(पैर पटक कर)—ओह, असह्य! युवक, तुम बन्दी हो।
सिंह॰—कदापि नही, मालव कदापि बन्दी नहीं हो सकता।
[अम्भीक तलवार खींचता है।]
चन्द्रगुप्त—(सहसा प्रवेश करके)—ठीक है, प्रत्येक निरपराध आर्य्य स्वतन्त्र हैं, उसे कोई बन्दी नहीं बना सकती है। यह क्या राजकुमार! खड्ग को कोश में स्थान नही है क्या?
सिंह॰—(व्यंग्य से) वह तो स्वर्ण से भर गया है।
आम्भीक—तो तुम सब कुचक्र में लिप्त हो। और इस मालव को तो मेरा अपमान करने का प्रतिफल—मृत्यु-दण्ड—अवश्य भोगना पड़ेगा।
चन्द्र॰—क्यों, क्या वह एक निस्सहाय छात्र तुम्हारे राज्य में शिक्षा पाता है और तुम एक राजकुमार हो—बस इसीलिए?
[आम्भीक तलवार चलाता है। चन्द्रगुप्त अपनी तलवार पर उसे रोकता हैं; आम्भीक की तलवार छूट जाती है। वह निस्सहाय होकर चन्द्रगुप्त के आक्रमण की प्रतीक्षा करता है। बीच में अलका आ जाती है।]
सिंह॰—वीर चन्द्रगुप्त, बस। जाओ राजकुमार, यहाँ कोई कुचक्र नहीं है, अपने कुचक्रो से अपनी रक्षा स्वयं करो।
चाणक्य—राजकुमारी, मैं गुरुकुल का अधिकारी हूँ। मैं आज्ञा देता हूँ कि तुम क्रोधाभिभूत कुमार को लिवा जाओ। गुरुकुल में शस्त्रो का प्रयोग शिक्षा के लिए होता है, द्वंद्व-युद्ध के लिए नहीं। विश्वास रखना, इस दुर्व्यवहार का समाचार महाराज के कानो तक न पहुँचेगा।
अलका—ऐसा ही हो। चलो भाई!
[क्षुब्ध आम्भीक उसके साथ जाता है।]
चाणक्य—(चन्द्रगुप्त से)--तुम्हारा पाठ समाप्त हो चुका हैं और आज का यह काण्ड असाधारण है। मेरी सम्मति हैं कि तुम शीघ्र तक्षशिला का परित्याग कर दो। और सिंहरण, तुम भी।
चन्द्र॰—आर्य्य हम मागध हैं और यह मालव। अच्छा होता कि यही गुरुकुल में हम लोग शस्त्र की परीक्षा भी देते।
चाणक्य—क्या यही मेरी शिक्षा है? बालको की-सी चपलता दिखलाने का यह स्थल नहीं। तुम लोगों को समय पर शस्त्र का प्रयोग करना पड़ेगा। परन्तु अकारण रक्तपात नीति-विरुद्ध है।
चन्द्र॰—आर्य्य! संसार-भर की नीति और शिक्षा का अर्थ मैंने यहीं समझा हैं कि आत्म-सम्मान के लिए मर-मिटना ही दिव्य जीवन है। सिंहरण मेरा आत्मीय हैं, मित्र है, उसका मान मेरा ही मान है।
चाणक्य—देखूँगा कि इस आत्म-सम्मान की भविष्य-परीक्षा में तुम कहाँ तक उत्तीर्ण होते हो!
सिंह॰—आपके आशीर्वाद से हम लोग अवश्य सफल होंगे।
चाणक्य—तुम मालव हो और यह मागध; यही तुम्हारे मान का अवसान है न? परन्तु आत्म-सम्मान इतने ही से सन्तुष्ट नहीं होगा। मालव और मागध को भूलकर जब तुम आर्य्यावर्त्त का नाम लोगे, तभी वह मिलेगा। क्या तुम नहीं देखते हो कि आगामी दिवसो में, आर्य्यावर्त्त के सब स्वतंत्र राष्ट्र एक के अनन्तर दूसरे विदेशी विजेता से पददलित होगे? आज जिस व्यंग्य को लेकर इतनी घटना हो गई है, वह बात भावी गांधार-नरेश आम्भीक के हृदय में, शल्य के समान चुभ गई है। पञ्चनद-नरेश पर्वतेश्वर के विरोध के कारण, यह क्षुद्र-हृदय आम्भीक यवनों का स्वागत करेगा और आर्य्यावर्त्त का सर्वनाश होगा।
चन्द्र॰—गुरुदेव, विश्वास रखिए; यह सब कुछ नहीं होने पावेगा। यह चन्द्रगुप्त आपके चरणो की शपथपूर्वक प्रतिज्ञा करता है, कि यवन यहाँ कुछ न कर सकेंगे।
चाणक्य—साधु! तुम्हारी प्रतिज्ञा अचल हो। परन्तु इसके लिए पहले तुम मगध जाकर साधन-सम्पन्न बनो। यहाँ समय बिताने का प्रयोजन नहीं। मैं भी पञ्चनद-नरेश से मिलता हुआ मगध आऊँगा। और सिंहरण, तुम भी सावधान।
सिंह॰—आर्य्य, आपका आशीर्वाद ही मेरा रक्षक है।
[चन्द्रगुप्त और चाणक्य का प्रस्थान]
सिंह॰—एक अग्निमय गन्धक का स्रोत आर्य्यावर्त्त के लौह-अस्त्रागार में घुस कर विस्फोट करेगा। चञ्चला रणलक्ष्मी इन्द्र-धनुष-सी विजयमाला हाथ में लिए उस सुन्दर नील-लोहित प्रलय-जलद में विचरण करेगी और वीर-हृदय मयूर-से नाचेंगे] तब आओ देवि! स्वागत!!
[अलका का प्रवेश]
अलका—मालव-वीर, अभी तुमने तक्षशिला का परित्याग नहीं किया?
सिंह॰—क्यों देवि? क्या मैं यहाँ रहने के उपयुक्त नहीं हूँ?
अलका—नहीं, मैं तुम्हारी सुख-शान्ति के लिए चिन्तित हूँ। भाई ने तुम्हारा अपमान किया है, पर वह अकारण न था; जिसका जो मार्ग है उसपर वह चलेगा। तुमने अनधिकार चेष्टा की थी! देखती हूँ कि प्राय मनुप्य, दूसरो को अपने मार्ग पर चलाने के लिए रुक जाता हैं, और अपना चलना वन्द कर देता है।
सिंह०―परन्तु भद्रे, जीवन-काल में भिन्न-भिन्न मार्गों की परीक्षा करते हुए, जो ठहरता हुआ चलता है, वह दूसरों को लाभ ही पहुँचाता है। यह कष्टदायक तो है; परन्तु निष्फल नहीं।
अलका―किन्तु मनुष्य को अपने जीवन और सुख का भी ध्यान रखना चाहिए।
सिंह०—मानव कब दानव से भी दुर्दान्त, पशु से भी बर्बर, और पत्थर से भी कठोर, करुणा के लिए निरवकाश हृदयवाला हो जाएगा, नही जाना जा सकता। अतीत सुखो के लिए सोच क्यो, अनागत भविष्य के लिए भय क्यो और वर्तमान को मैं अपने अनुकूल बना ही लूँँगा , फिर चिन्ना किस वान की?
अलका―मालव, तुम्हारे देश के लिए तुम्हारा जीवन अमूल्य है, और वही यहाँ आपत्ति में है।
सिंह०―राजकुमारी, इस अनुकम्पा के लिए कृतज्ञ हुआ। परन्तु मेरा देश मालव ही नहीं, गाधार भी है। यही क्या, ससुग्र आर्य्यावर्त्त है, इसलिए में...........
अलका―(आश्चर्य्य से)―क्या कहते हो?
सिंंह०―गाधार अर्य्यवर्त्त से भिन्न नहीं है, इसीलिए उनके पतन को मै अपना अपमान समझता हूँ।
अलका―(नि.श्वास लेकर)―इनका मै अनुभव कर रही हूँ। परन्तु जिस देश में ऐसे वीर युवक हो, उसका पतन असम्भव है। मालववीर, तुम्हारे मनोवल में स्वतंत्रता है और तुम्हारी दृढ भुजाओ में आर्य्यावर्त्त के रक्षण की शक्ति है , तुम्हें सुरक्षित रहना ही चाहिए। मैं भी आर्य्यावर्त्त की बालिका हूँ― तुमसे अनुरोध करती हूँ कि तुम शीघ्र गांधार छोड़ दो। मैं आम्भीक को शक्तिभर पतन से रोकूँगी, परन्तु उसके न मानने पर तुम्हारी आवश्यकता होगी। जाओ वीर!
सिंह॰—अच्छा राजकुमारी, तुम्हारे स्नेहानुरोध से मैं जाने के लिए बाध्य हो रहा हूँ। शीघ्र ही चला जाऊँगा देवि! किन्तु यदि किसी प्रकार सिन्धु की प्रखर धारा को यवन सेना न पार कर सकती....।
अलका—मैं चेष्टा करूँगी वीर, तुम्हारा नाम?
सिह॰—मालवगण के राष्ट्रपति का पुत्र सिंहरण।
अलका—अच्छा, फिर कभी।
[दोनों एक-दूसरे को देखते हुए प्रस्थान करते हैं।]
प्रथम अंक — दृश्य २
२
मगध-सम्राट् का विलास-कानन
विलासी युवक और युवतियों का विहारनन्द—(प्रवेश करके)—आज वसन्त-उत्सव है क्या?
एक युवक—जय हो देव! आप की आज्ञा से कुसुमपुर के नागरिकों ने आयोजन किया हैं।
नन्द—परन्तु मदिरा का तो तुम्हारे समाज में अभाव है, फिर आमोद कैसा?—(एक युवती से)—देखो-देखो—तुम सुन्दरी हो, परन्तु तुम्हारे यौवन का विभ्रम अभी संकोच की अर्गला से जकड़ा हुआ है। तुम्हारी आँखों में काम का सुकुमार संकेत नहीं, अनुराग की लाली नहीं। फिर कैसा प्रमोद!
एक युवती—हम लोग तो निमंत्रित नागरिक हैं देव! इसका दायित्व तो निमंत्रण देने वाले पर हैं।
नन्द—वाह, यह अच्छा उलाहना रहा!—(अनुचर से)—मूर्ख! अभी और कुछ सुनावेगा? तू नहीं जानता कि मैं ब्रह्मास्त्र से अधिक इन सुन्दरियों के कुटिल कटाक्षो से डरता हूँ? ले आ—शीघ्र ले आ—नागरिको पर तो मैं राज्य करता हूँ, परन्तु मेरी मगध की नागरिकाओं का शासन मेरे ऊपर हैं। श्रीमती, सबसे कह दो—नागरिक नन्द, कुसुमपुर के कमनीय कुसुमों में अपराध के लिए क्षमा माँगता हैं और आज के दिन वह तुम लोगों का कृतज्ञ सहचर-मात्र हैं।
[अनुचर लोग प्रत्येक कुञ्ज में मदिराकलश और चंपक पहुँचाते हैं। राक्षस और सुवासिनी का प्रवेश, पीछे-पीछे कुछ नागरिक।]
राक्षस—सुवासिनी! एक पात्र और; चलो इस कुञ्ज में।
सुवा॰—नहीं, अब मैं न सँभल सकूँगी।
राक्षस—फिर इन लोगों से कैसे पीछा छूटेगा?
सुवा॰—मेरी एक इच्छा है।
एक नागरिक—क्या इच्छा है सुवासिनी, हम लोग अनुचर हैं। केवल एक सुन्दर आलाप की, एक कोमल मूर्च्छना की लालसा हैं।
सुवा॰—अच्छा तो अभिनय के साथ।
सब--(उल्लास से)—सुन्दरियों की रानी सुवासिनी की जय!
सुवा॰—परन्तु राक्षस को कच का अभिनय करना पडे़गा।
एक॰—और तुम देवयानी, क्यों? यही न? राक्षस सचमुच राक्षस होगा, यदि इसमें आनाकानी करे तो...चलो राक्षस!
दूसरा—नहीं मूर्ख! आर्य्य राक्षस कह, इतने बड़े कला-कुशल विद्वान् को किस प्रकार सम्बोधित करना चाहिए, तू इतना भी नहीं जानता! आर्य्य राक्षस! इन नागरिकों की प्रार्थना से इस कष्ट को स्वीकार कीजिए।
[राक्षस उपयुक्त स्थान ग्रहण करता है। कुछ मूक अभिनय, फिर उसके बाद सुवासिनी का भाव-सहित गान—]
तुम कनक किरण के अन्तराल में
लुक-छिप कर चलते हो क्यो?
नत मस्तक गर्व वहन करते
यौवन के घन, रस कन दरते।
है लाज भरे सौन्दर्य।
बता दो मौन बने रहते हो क्यों?
अधरो के मधुर कगारो में
कल-कल ध्वनि की गुञ्जारो में
मधुसरिता-सी यह हँसी
तरल अपनी पीते रहते हो क्यो?
वेला विभ्रम की बीत चली
रजनीगंधा की कली खिली--
अब सान्ध्य मलय-आकुलित।
दुकूल कलित हो, यो छिपते हो क्यो?['साधु-साधु' की ध्वनि]
नन्द—इस अभिनेत्री को यहाँ बुलाओ।
[सुवासिनी नन्द के समीप आकर प्रणत होती है।]
नन्द—तुम्हारा अभिनय तो अभिनय नहीं हुआ?
नागरिक—अपितु वास्तविक घटना, जैसी देखने में आवे वैसी ही।
नन्द—तुम बडे़ कुशल हो। ठीक कहा।
सुवासिनी—तो मुझे दण्ड मिले। आज्ञा कीजिए देव!
नन्द—मेरे साथ एक पत्र।
सुवासिनी—परन्तु देव एक बड़ी भूल होगी।
नन्द—वह क्या?
सुवासिनी—आर्य्य राक्षस का अभिनय-पूर्ण गान नहीं हुआ है।
नन्द—राक्षस!
नागरिक—यहीं है, देव!
[राक्षस आकर प्रणाम करता है।]
नन्द—वसन्तोत्सव की रानी की आज्ञा से तुम्हें गाना होगा।
राक्षस—उसका मूल्य होगा एक पात्र कादम्ब
[सुवासिनी पात्र भर कर देती हैं।]
[सुवासिनी मान का मूक अभिनय करती हैं, राक्षस सुवासिनी के सम्मुख अभिनय सहित-गाता है—]
निकले मत बाहर दुर्वल आहे!
लगेगा तुझे हँसी का शीत
शरद नीरद माला के बीच
तड़प ले चपला-सी भयभीत
पड़ रहे पावन प्रेम-फुहार
जलन कुछ-कुछ है मीठी पीर
सम्हाले चल कितनी है दूरु
प्रलय तक व्याकुल हो न अधीरअश्रुमय सुन्दर विरह निशीथ
कई नागरिक—स्वर्गीय अमात्य वक्रनास के कुल की जय!
भरे तारे न ढुलकते ओह!
न उफना दे आँसू है भरे
इन्ही आँखो में उनकी चाह
काकली-सी बनने की तुम्हें
लगन लग जाय न हे भगवान्
पपीहा का पी सुनता कभी!
अरे कोकिल की देख देशा न।
हृदय है पास, साँस की राह
चले आना-जाना चुपचाप
अरे छाया बन, छ मत उसे
भरा है तुझमे भीषण ताप
हिला कर धड़कन से अविनीत
जगा मत, सोया है सुकुमार
देखता हैं स्मृतियो का स्वप्न,
हृदय पर मत कर अत्याचार।नन्द—क्या कहा, वक्रनास का कुल?
नागरिक—हाँ देव, आर्य्य राक्षस उन्हीं के भ्रातुष्पुत्र हैं।
नन्द—राक्षस! आज से तुम मेरे अमात्यवर्ग में नियुक्त हुए। तुम तो कुसुमपुर के एक रत्न हो!
[उसे माला पहनाता है और शस्त्र देता है]
सब—सम्राट् की जय हो! अमात्य राक्षस की जय हो!
नन्द—और सुवासिनी, तुम मेरी अभिनय-शाला की रानी!
[सब हर्ष प्रकट करते हुए जाते हैं]
प्रथम अंक — दृश्य ३
३
पाटलिपुत्र में एक भग्नकुटीरचाणक्य—(प्रवेश करके)—झोपड़ी ही तो थीं, पिताजी यहीं मुझे गोद में बिठा कर राज-मन्दिर का सुख अनुभव करते थें। ब्राह्मण थें, ऋत और अमृत जीविका से सन्तुष्ट थें, पर वे भी न रहें! कहाँ गये? कोई नहीं जानता। मुझे भी कोई नहीं पहचानता। यही तो मगध का राष्ट्र है। प्रजा की खोज है किसे? वृद्ध दरिद्र ब्राह्मण कहीं ठोकरें खाता होगा या कहीं मर गया होगा!
[एक प्रतिवेशी का प्रवेश]
प्रतिवेशी—(देखकर)—कौन हो जी तुम? इधर के घरो को बड़ी देर से क्या घूर रहे हो?
चाणक्य—ये घर हैं, जिन्हें पशु की खोह कहने में भी संकोच होता है? यहाँ कोई स्वर्ण-रत्नो का ढेर नहीं, जो लूटने का भय हो।
प्रतिवेशी—युवक, क्या तुम किसी को खोज रहे हो?
चाणक्य—हाँ, खोज रहा हूँ, यहीं झोपड़ी में रहनेवाले वृद्ध ब्राह्मण चणक को। आजकल वे कहाँ हैं, बता सकते हो?
प्रतिवेशी--(सोचकर)—ओहो, कई बरस हुए, वह तो राजा की आज्ञा से निर्वासित कर दिया गया है। (हँसकर)—वह ब्राह्मण भी बड़ा हठी था। उसने राजा नन्द के विरुद्ध प्रचार करना आरम्भ किया था। सो भी क्यों, एक मन्त्री शकटार के लिए। उसने सुना कि राजा ने शकटार का बन्दीगृह में वध करवा डाला। ब्राह्मण ने नगर में इस अन्याय के विरुद्ध आतंक फैलाया। सबसे कहने लगा कि—"यह महापद्म का जारज पुत्र नन्द—महापद्म का हत्याकारी नन्द—मगध में राक्षसी राज्य कर रहा है। नागरिको, सावधान!
चाणक्य—अच्छा, तब क्या हुआ?
प्रतिवेशी—वह पकड़ा गया। सो भी कब, जब एक दिन अहेर की यात्रा करते हुए नन्द के लिए राजपथ में मुक्तकंठ से नागरिकों ने अनादर के वाक्य कहें। नन्द ने ब्राह्मण को समझाया। यह भी कहा कि तेरा मित्र शकटार बन्दी है, मारा नहीं गया। पर वह बड़ा हठी था; उसने न माना, न ही माना। नन्द ने भी चिढ़ कर उसका ब्राह्मस्व बौद्ध-विहार में दे दिया और उसे मगध से निर्वासित कर दिया। यही तो उसकी झोपड़ी है।
[जाता है]
चाणक्य—(उसे बुलाकर)—अच्छा एक बात और बताओ।
प्रति॰—क्या पूछते हो जी, तुम इतना जान लो कि नन्द को ब्राह्मणों से घोर शत्रुता है और वह बौद्धधर्मानुयायी हो गया है।
चाणक्य—होने दो; परन्तु यह तो बताओ—शकटार का कुटुम्ब कहाँ है?
प्रति॰—कैसे मनुष्य हो? अरे राज-कोपानल में वे सब जल मरे। इतनी-सी बात के लिए मुझे लौटाया था—छि!
[जाना चाहता है]
चाणक्य—हे भगवान्! एक बात दया करके और बता दो—शकटार की कन्या सुवासिनी कहाँ है?
प्रति॰—(जोर से हंसता है)—युवक! वह बौद्ध-विहार में चली गई थी, परन्तु वहाँ भी न रह सकी। पहले तो अभिनय करती फिरती थी, आजकल कहाँ है, नहीं जानता।
[जाता है]
चाणक्य—पिता का पता नहीं; झोपड़ी भी न रह गई। सुवासिनी अभिनेत्री हो गई—सम्भवतः पेट की ज्वाला से। एक साथ दो-दो कुटुम्बों का सर्वनाश और कुसुमपुर फूलो की सेज में ऊँघ रहा है। क्या इसीलिए राष्ट्र की शीतल छाया का संगठन मनुष्य ने किया था! मगध! मगध! सावधान! इतना अत्याचार! सहना असम्भव है। तुझे उलट दूँगा! नया बनाऊँगा, नहीं तो नाश ही करूँगा!—(ठहरकर)—एक बार चलूँ, नन्द से कहूँ। नहीं, परन्तु मेरी भूमि, मेरी वृत्ति, वही मिल जाय, मैं शास्त्र-व्यवसायी न रहूँगा, मैं कृषक बनूँगा। मुझे राष्ट्र की भलाई-बुराई से क्या। तो चलूँ।—(देखकर)—यह एक लकड़ी का स्तम्भ अभी उसी झोपड़ा का खड़ा है, इसके साथ मेरे बाल्यकाल की सहस्रों भाँवरियाँ लिपटी हुई हैं, जिन पर मेरी धवल मधुर हँसी का आवरण; चढ़ा रहता था! शैशव की स्निग्ध स्मृति! विलीन हो जा!
[खम्भा खींच कर गिराता हुआ चला जाता है]
प्रथम अंक — दृश्य ४
४
कुसुमपुर के सरस्वती-मन्दिर के उपवन का पथराक्षस—सुवासिनी! हठ न करो।
सुवा॰—नहीं, उस ब्राह्मण को दण्ड दिये बिना सुवासिनी जी नहीं सकती अमात्य, तुमको करना होगा। मैं बौद्धस्तूप की पूजा करके आ रही थी, उसने व्यंग किया और वह बड़ा कठोर था, राक्षस! उसने कहा—'वेश्याओं के लिए भी एक धर्म की आवश्यकता थीं, चलो अच्छा ही हुआ। ऐसे धर्म के अनुगत पतितों की भी कमी नहीं।'
राक्षस—यह उसका अन्याय था।
सुवा॰—परन्तु अन्याय का प्रतिकार भी है। नहीं तो मैं समझूँगी कि तुम भी वैसे ही एक कठोर ब्राह्मण हो।
राक्षस—मैं वैसा हूँ कि नहीं, यह पीछे मालूम होगा। परन्तु सुवासिनी, मैं स्वयं हृदय से बौद्धमत का समर्थक हूँ; केवल उसकी दार्शनिक सीमा तक—इतना ही कि संसार दुखमय है।
सुवा॰—इसके बाद?
राक्षस—मैं इस क्षणिक जीवन की घड़ियो को सुखी बनाने का पक्षपाती हूँ। और तुम जानती हो कि मैंने ब्याह नहीं किया; परन्तु भिक्षु भी न बन सका।
सुवा॰—तब आज से मेरे कारण तुमको राजचक्र में बौद्धमत का समर्थन करना होगा।
राक्षस—मैं प्रस्तुत हूँ।
सुवा॰—फिर लो मैं तुम्हारी हूँ। मुझे विश्वास है कि दुराचारी सदाचार के द्वारा शुद्ध हो सकता है, और बौद्धमत इसका समर्थन करता है, सबको शरण देता है। हम दोनो उपासक होकर सुखी बनेंगे।
राक्षस—इतना बड़ा सुख-स्वप्न का जाल आँखो में न फैलाओ।
सुवा॰—नहीं प्रिय! मैं तुम्हारी अनुचरी हूँ। मैं नन्द की विलास-लीला का क्षुद्र उपकरण बनकर नहीं रहना चाहती।
[जाती है]
राक्षस—एक परदा उठ रहा है, या गिर रहा है, समझ में नही आता—(आंख मीचकर)—सुवासिनी! कुसुमपुर का स्वर्गीय कुसुम मैं हस्तगत कर लूँ? नहीं, राजकोप होगा! परन्तु जीवन वृथा है। मेरी विद्या, मेरा परिष्कृत विचार सब व्यर्थ है। सुवासिनी एक लालसा है, एक प्यास है। वह अमृत है, उसे पाने के लिए सौ बार मरूँगा।
[नेपथ्य से—हटो, मार्ग छोड़ दो]
राक्षस—कोई राजकुल की सवारी है? तो चलूँ।
[जाता है]
[रक्षियों के साथ शिविका पर राजकुमारी कल्याणी का प्रवेश]
कल्याणी—(शिविका से उतरती हुई लीला से)—शिविका उद्यान के बाहर ले जाने के लिए कहो और रक्षी लोग भी वहीं ठहरें।
[शिविका ले कर रक्षक जाते हैं]
कल्याणी—(देखकर)—आज सरस्वती-मन्दिर में कोई समाज हैं क्या? जा तो नीला देख आ।
[नीला जाती है]
लीला—राजकुमारी, चलियें इस श्वेत शिला पर बैठियें। यहाँ अशोक की छाया बड़ी मनोहर है। अभी तीसरे पहर का सूर्य कोमल होने पर भी स्पृहणीय नहीं।
कल्याणी—चल।
[दोनो जाकर बैठती हैं, नीला आती है]
नीला—राजकुमारी, आज तक्षशिला से लौटे हुए स्नातक लोग सरस्वती-दर्शन के लिए आये हैं।
कल्याणी—क्या सब लौट आये हैं?
नीला—यह तो न जान सकी।
कल्याणी—अच्छा, तू भी बैठ। देख, कैसी सुन्दर माधवी लता फैल रही है। महाराज के उद्यान में भी लताएँ ऐसी हरी-भरी नहीं, जैसे राज-आतंक से वे भी डरी हुई हो। सच नीला, मैं देखती हूँ कि महाराज से कोई स्नेह नहीं करता, डरते भले ही हो।
नीला—सखी, मुझ पर उनका कन्या-सा ही स्नेह हैं, परन्तु मुझे डर लगता है।
कल्याणी—मुझे इसका बड़ा दुःख है। देखती हूँ कि समस्त प्रजा उनसे त्रस्त और भयभीत रहती हैं, प्रचण्ड शासन करने के कारण उनका बड़ा दुर्नाम हैं।
नीला—परन्तु इसका उपाय क्या है? देख लीला, वे दो कौन इधर आ रहे हैं। चल, हम लोग छिप जायँ।
[सब कुंज में चली जाती है। दो ब्रह्मचारियों का प्रवेश]
एक ब्रह्म॰—धर्म्मपालित, मगध को उन्माद हो गया है। वह जनसाधारण के अधिकार अत्याचारियों के हाथ में देकर विलासिता का स्वप्न देख रहा है। तुम तो गए नहीं, मैं अभी उत्तरापथ से आ रहा हूँ। गणतन्त्रो में सब प्रजा वन्यवीरुध के समान स्वच्छन्द फल-फूल रही हैं। इधर उन्मत्त मगध, साम्राज्य की कल्पना में निमग्न है।
दूसरा—स्नातक, तुम ठीक कह रहे हो। महापद्म का जारज-पुत्र नन्द केवल शस्त्र-बल और कूटनीति के द्वारा सदाचारो के शिर पर ताण्डव-नृत्य कर रहा है। वह सिद्धान्त-विहीन नृशंस, कभी बौद्धो का पक्षपाती, कभी वैदिको का अनुयायी बनकर दोनों में भेदनीति चलाकर बल-सञ्चय करता रहता है। मूर्ख जनता धर्म की ओट में नचाई जा रही हैं। परन्तु तुम देश-विदेश देखकर आएँ हो, आज मेरे घर पर तुम्हारा निमन्त्रण हैं, वहाँ सब को तुम्हारी यात्रा का विवरण सुनने का अवसर मिलेगा।
पहिला—चलो। (दोनों जाते हैं, कल्याणी बाहर आती है।)
कल्याणी—सुन कर हृदय की गति रुकने लगती है। इतना कदर्थित राजपद! जिसे साधारण नागरिक भी घृणा की दृष्टि से देखता हैं—कितने मूल्य का है लीला?
(नेपथ्य से) भागो भागो! यह राजा का अहेरी चीता पिंजरे से निकल भागा है, भागो, भागो!
[तीनों डरती हुई कुञ्ज में छिपने लगती हैं। चीता आता है। दूर से तीर आकर उसका शिर भेद कर निकल जाता है। धनुष लिये हुए चन्द्रगुप्त का प्रवेश]
चन्द्र॰—कौन यहाँ है? किधर से स्त्रियों का क्रन्दन सुनाई पड़ा था!—(देखकर)—अरे, यहाँ तो तीन सुकुमारियाँ हैं! भद्रे, पशु ने कुछ चोट तो नही पहुँचाई?
लीला—साधु! वीर! राजकुमारी की प्राण-रक्षा के लिए तुम्हें अवश्य पुरस्कार मिलेगा!
चन्द्र॰—कौन राजकुमारी, कल्याणी देवी?
लीला—हाँ, यही न हैं? भय से मुख विवर्ण हो गया है।
चन्द्र॰—राजकुमारी, मौर्य्य-सेनापति का पुत्र चन्द्रगुप्त प्रणाम करता है।
कल्याणी—(स्वस्थ होकर, सलज्ज)—नमस्कार, चन्द्रगुप्त, मैं कृतज्ञ हुई। तुम भी स्नातक होकर लौटे हो?
चन्द्र॰—हाँ देवि, तक्षशिला में पाँच वर्ष रहने के कारण यहाँ के लोगों को पहचानने में विलम्ब होता है। जिन्हें किशोर छोड़ कर गया था, अब वे तरुण दिखाई पड़ते हैं। मैं अपने कई बाल-सहचरों को भी पहचान न सका!
कल्याणी—परन्तु मुझे आशा थी कि तुम मुझे न भूल जाओगे।
चन्द्र॰—देवि, यह अनुचर सेवा के उपयुक्त अवसर पर ही पहुँचा। चलिए, शिविका तक पहुँचा दूँ। (सब जाते है)
प्रथम अंक — दृश्य ५
५मगध में नन्द की राजसभा
राक्षस और सभासदो के साथ नन्द
नन्द―हॉ, तब?
राक्षस―दूत लौट आए और उन्होने कहा कि पचनद-नरेश को यह सम्बन्ध स्वीकार नही।
नन्द―क्यो?
राक्षस―प्राच्य देश के बौद्ध और शूद्र राजा की कन्या से वे परिचय नही कर सकते।
नन्द―इतना गर्व!
राक्षस―यह उसका गर्व नही, यह धर्म का दम्भ है, व्यग है। मैं इसका फल दूँँगा। मगध-जैसे शक्तिशाली राष्ट्र का अपमान करके कोई यो ही नही बच जायगा। ब्राह्मणो का यह........
[ प्रतिहारी का प्रवेश ]प्रतिहार―जय हो देव, मगध से शिक्षा के लिये गये हुए तक्षशिला के स्नातक आये है।
नन्द―लिवा लाओ।
[दौवारिक का प्रस्थान ; चन्द्रगुप्त के साथ कई स्नातकों का प्रवेश]स्नातक―राजाधिराज की जय हो!
नन्द―स्वागत। अमात्य वररुचि अभी नहीं आये, देखो तो?
[प्रतिहार का प्रस्थान और वररुचि के साथ प्रवेश]वर०―जय हो देव, मैं स्वयं आ रहा था।
नन्द―तक्षशिला से लौटे हुए स्नातको की परीक्षा लीजिये।
वर०―राजाधिराज, जिस गुरुकुल मे मैं स्वयं परीक्षा देकर स्नातक हुआ हूँ, उसके प्रमाण की भी पुन. परीक्षा, अपने गुरुजनो के प्रति अपमान करना है।
[38]○नन्द—किन्तु राजकोष का रुपया व्यर्थ ही स्नातकों को भेजने में लगता है या इसका सदुपयोग होता है, इसका निर्णय कैसे हो?
राक्षस—केवल सद्धर्म की शिक्षा ही मनुष्यों के लिए पर्याप्त है! और वह तो मगध में ही मिल सकती है।
[चाणक्य का सहसा प्रवेश; त्रस्त दौवारिक पीछे-पीछे आता है]
चाणक्य—परन्तु बौद्धधर्म की शिक्षा मानव-व्यवहार के लिए पूर्ण नहीं हो सकती, भले ही वह संघ-विहार में रहनेवालों के लिये उपयुक्त हों।
नन्द—तुम अनाधिकार चर्चा करनेवाले कौन हो जी?
चाणक्य—तक्षशिला से लौटा हुआ एक स्नातक ब्राह्मण।
नन्द—ब्राह्मण! ब्राह्मण! जिधर देखो कृत्या के समान इनकी शक्ति-ज्वाला धधक रही हैं।
चाणक्य—नहीं महाराज! ज्वाला कहाँ? भस्मावगुण्ठित अंगारे रह गये हैं!
राक्षस—तब भी इतना ताप!
चाणक्य—वह तो रहेगा ही! जिस दिन उसका अन्त होगा, उसी दिन आर्यावर्त्त का ध्वंस होगा। यदि अमात्य ने ब्राह्मण-नाश करने का विचार किया हों तो जन्मभूमि की भलाई के लिए उसका त्याग कर दें; क्योंकि राष्ट्र का शुभ-चिन्तन केवल ब्राह्मण ही कर सकते हैं। एक जीव की हत्या से डरनेवाले तपस्वी बौद्ध, सिर पर मँडरानेवाली विपत्तियों से, रक्त-समुद्र की आँधियों से, आर्यावर्त्त की रक्षा करने में असमर्थ प्रमाणित होंगे।
नन्द—ब्राह्मण! तुम बोलना नहीं जानते हो तो चुप रहना सीखो।
चाणक्य—महाराज, उसे सीखने के लिए में तक्षशिला गया था और मगध का सिर ऊँचा करके उसी गुरुकुल में मैंने अध्यापन का कार्य भी किया है। इसलिए मेरा हृदय यह नहीं मान सकता कि मैं मूर्ख हूँ।
नन्द—तुम चुप रहो।
चाणक्य—एक बात कह कर महाराज!
राक्षस—क्या?
चाणक्य—यवनों की विकट वाहिनी निषध-पर्वतमाला तक पहुँच गई हैं। तक्षशिलाधीश की भी उसमें अभिसंधि है। सम्भवतः समस्त आर्य्यावर्त्ता पादाक्रान्त होगा। उत्तरापथ में बहुत-से छोटे-छोटे गणतंत्र है, वे उस सम्मिलित पारसीक यवन-बल को रोकने में असमर्थ होंगे। अकेले पर्वतेश्वर ने साहस किया हैं, इसलिए मगध को पर्वतेश्वर की सहायता करनी चाहिए।
कल्याणी—(प्रवेश करके)—पिताजी, मैं पर्वतेश्वर के गर्व की परीक्षा लूँगी। मैं वृषल-कन्या हूँ। उस क्षत्रिय को यह सिखा दूँगी कि राजकन्या, कल्याणी किसी क्षत्राणी से कम नहीं। सेनापति को आज्ञा दीजिए कि आसन्न गांधार-युद्ध में मगध की एक सेना अवश्य जायं और मैं स्वयं उसका संचालन करूँगी। पराजित पर्वतेश्वर को सहायता देकर उसे नीचा दिखाऊँगी।
[नन्द हँसता है]
राक्षस—राजकुमारी, राजनीति महलों में नहीं रहती, इसे हम लोगो के लिए छोड़ देना चाहिए। उद्धत पर्वतेश्वर अपने गर्व का फल भोगे और ब्राह्मण चाणक्य! परीक्षा देकर ही कोई साम्राज्य-नीति समझ लेने का अधिकारी नहीं हो जाता।
चाणक्य—सच है बौद्ध अमात्य; परन्तु यवन आक्रमणकारी बौद्ध और ब्राह्मण का भेद न रखेंगे।
नन्द—वाचाल ब्राह्मण! तुम अभी चले जाओ, नहीं तो प्रतिहार तुम्हें धक्के देकर निकाल देंगे।
चाणक्य—राजाधिराज! मैं जानता हूँ कि प्रमोद में मनुष्य कठोर सत्य का भी अनुभव नहीं करता, इसीलिए मैंने प्रार्थना नहीं की--अपने अपहृत ब्राह्मस्व के लिए मैंने भिक्षा नहीं माँगी। क्यों? जानता था कि वह मुझे ब्राह्मण होने के कारण न मिलेगी; परन्तु जब राष्ट्र के लिए...
राक्षस—चुप रहो। तुम चणक के पुत्र हो न, तुम्हारें पिता भी ऐसे ही हठी थें।
नन्द॰—क्या उसी विद्रोही ब्राह्मण की सन्तान? निकालो इसे अभी यहाँ से!
[प्रतिहारी आगे बढ़ता है; चंद्रगुप्त सामने आकर रोकता है]
चन्द्र०—सम्राट्, मैं प्रार्थना करता हूँ कि गुरुदेव का अपमान न किया जायं। मैं भी उत्तरापथ से आ रहा हूँ। आर्य्य चाणक्य ने जो कुछ कहा हैं, वह साम्राज्य के हित की बात है। उसपर विचार किया जायं।
नन्द॰—कौन? सेनापति मौर्य्य का कुमार चन्द्रगुप्त!
चन्द्र॰—हाँ देव, मैं युद्ध-नीति सीखने के लिए ही तक्षशिला भेजा गया था। मैंने अपनी आँखों गान्धार का उपप्लव देखा है, मुझे गुरुदेव के मत में पूर्ण विश्वास है। यह आगन्तुक आपत्ति पंचनद-प्रदेश तक ही न रह जायगी।
नन्द—अबोध युवक, तो क्या इसीलिए अपमानित होने पर भी मैं पर्वतेश्वर की सहायता करूं? असम्भव है। तुम राजाज्ञाओं में बाधा न देकर शिष्टता सीखो। प्रतिहारी, निकालो इस ब्राह्मण को! यह बड़ा ही कुचक्री मालूम पड़ता है।
चन्द्र॰—राजाधिराज, ऐसा करके आप एक भारी अन्याय करेंगे। और मगध के शुभचिन्तकों को शत्रु बनाएँगे।
राजकुमारी—पिताजी, चन्द्रगुप्त पर ही दया कीजिए! एक बात उसकी भी मान लीजिए।
नन्द—चुप रहो, ऐसे उद्दण्ड को मैं कभी नहीं क्षमा करता और सुनो चन्द्रगुप्त, तुम भी यदि इच्छा हो तो इसी ब्राह्मण के साथ जा सकते हो, अब कभी मगध में मुँह न दिखाना।
[प्रतिहारी दोनों को निकालना चाहता है, चाणक्य रुक कर कहता है]
सावधान नन्द! तुम्हारी धर्मान्धता से प्रेरित राजनीति आँधी की तरह चलेगी, उसमे नन्द-वंश समूल उखड़ेगा। नियति-सुन्दरी के भावों में बल पड़ने लगा है। समय आ गया है कि शूद्र राजसिंहासन से हटाये जायँ और सच्चे क्षत्रिय मूर्धाभिषिक्त हो।
नन्द—यह समझकर कि ब्राह्मण अवध्य है, तू मुझे भय दिखलाता है! प्रतिहारी, इसकी शिखा पकड़ कर उसे बाहर करो!
[प्रतिहारी उसकी शिखा पकड़कर घसीटता है, वह निश्शंक और दृढ़ता से कहता है]
खींच ले ब्राह्मण की शिखा! शूद्र के अन्न से पले हुए कुत्ते! खींच ले! परन्तु यह शिखा नन्दकुल की काल-सर्पिणी है, वह तब तक न बन्धन में होगी, जब तक नन्द-कुल निःशेष न होगा।
नन्द—इसे बन्दी करो।
[चाणक्य बन्दी किया जाता है]
प्रथम अंक — दृश्य ६
६
सिन्धु-तट—अलका और मालविकामालविका—राजकुमारी! मैं देख आई, उद्भांड में सिन्धु पर सेतु बन रहा है। युवराज स्वयं उसका निरीक्षण करते हैं और मैंने उक्त सेतु का एक मानचित्र भी प्रस्तुत किया था। यह कुछ अधूरा-सा रह गया है, पर इसके देखने से कुछ आभास मिल जायगा।
अलका—सखी! बड़ा दुःख होता है, जब मैं यह स्मरण करती हूँ कि स्वयं महाराज का इसमें हाथ हैं। देखूँ तेरा मानचित्र!
[मालविका मानचित्र देती है, अलका उसे देखती है; एक यवन सैनिक का प्रवेश—वह मानचित्र अलका से लेना चाहता है]
अलका—दूर हो दुर्विनीत दस्यु!—(मानचित्र अपने कंचुक में छिपा लेती है।)
यवन—यह गुप्तचर है, मैं इसे पहचानता हूँ। परन्तु सुन्दरी! तुम कौन हो; जो इसकी सहायता कर रही हो, अच्छा हो कि मुझे मानचित्र मिल जाय, और मैं इसे सप्रमाण बन्दी बनाकर महाराज के सामने ले जाऊँ।
अलका—यह असम्भव है। पहले तुम्हें बताना होगा कि तुम यहाँ किस अधिकार से यह अत्याचार किया चाहते हो?
यवन—मैं? मैं देवपुत्र विजेता अलक्षेन्द्र का नियुक्त अनुचर हूँ और तक्षशिला की मित्रता का साक्षी हूँ। यह अधिकार मुझे गांधार-नरेश ने दिया है।
अलका—अह! यवन, गांधार-नरेश ने तुम्हें यह अधिकार कभी नहीं दिया होगा कि तुम आर्य-ललनाओं के साथ धृष्टता का व्यवहार करो।
यवन—करना ही पड़ेगा, मुझे मानचित्र लेना ही होगा।
अलका—कदापि नहीं।
यवन—क्या यह वही मानचित्र नहीं है, जिसे इस स्त्री ने उद्भाण्ड में बनाना चाहा था।
अलका—परन्तु यह तुम्हें मिल नहीं सकता। यदि तुम सीधे यहाँ से न टलोगे तो शान्ति-रक्षकों को बुलाऊँगी।
यवन—तब तो मेरा उपकार होगा, क्योंकि इस अँगूठी को देखकर मेरी ही सहायता करेंगे—(अंगूठी दिखाता है)
अलका—(देखकर सिर पकड़ लेती है)—ओह!
यवन—(हँसता हुआ)—अब ठीक पथ पर आ गई होगी बुद्धि। लाओ, मानचित्र मुझे दे दो।
[अलका निस्सहाय इधर-उधर देखती है। सिंहरण का प्रवेश]
सिंहरण—(चौंककर)—है.....कौन....राजकुमारी! और यह यवन!
अलका—महावीर! स्त्री की मर्यादा को न समझने वाले इस यवन को तुम समझा दो कि यह चला जाय।
सिंहरण—यवन, क्या तुम्हारे देश की सभ्यता तुम्हें स्त्रियों का सम्मान करना नहीं सिखाती? क्या सचमुच तुम बर्बर हो?
यवन—मेरी उस सभ्यता ही ने मुझे रोक लिया है, नहीं तो मेरा यह कर्तव्य था कि मैं उस मानचित्र को किसी भी पुरुष के हाथ में होने से उसे जैसे बनता, ले ही लेता।
सिंहरण—तुम बडे़ प्रगल्भ हो यवन! क्या तुम्हें भय नहीं कि तुम एक दूसरे राज्य में ऐसा आचरण करके अपनी मृत्यु बुला रहे हो?
यवन—उसे आमन्त्रण देने के लिए ही उतनी दूर से आया हूँ।
सिंहरण—राजकुमारी। यह मानचित्र मुझे देकर आप निरापद हो जायें, फिर मैं देख लूँगा।
अलका—(मानचित्र देती हुई)—तुम्हारे ही लिए तो यह मँगाया गया था।
सिंहरण—(उसे रखते हुए)—ठीक है, मैं रुका भी इसीलिए था।—(यवन से)—हाँ जी, कहो, अब तुम्हारी क्या इच्छा है?
यवन—(खड्ग निकालकर)—मानचित्र मुझे दे दो या प्राण देना होगा।
सिंहरण—उसके अधिकारी का निर्वाचन खड्ग करेगा। तो फिर सावधान हो जाओ। (तलवार खींचता है)
[यवन के साथ युद्ध—सिंहरण घायल होता है; परन्तु यवन को उसके भीषण प्रत्याक्रमण से भय होता है, वह भाग निकलता है]
अलका—वीर! यद्यपि तुम्हे विश्राम की आवश्यकता है, परन्तु अवस्था बड़ी भयानक है। वह जाकर कुछ उत्पात मचावेगा। पिताजी पूर्णरूप से यवनो के हाथ में आत्म-समर्पण कर चुके हैं।
सिंहरण—(हंसता और रक्त पोछता हुआ)—मेरा काम हो गया राजकुमारी! मेरी नौका प्रस्तुत है, मैं जाता हूँ। परन्तु बड़ा अनर्थ हुआ चाहता है। क्या गांधार-नरेश किसी तरह न मानेगे?
अलका—कदापि नही। पर्वतेश्वर से उनका बद्धमूल बैर है।
सिंहरण—अच्छा देखा जायगा, जो कुछ होगा। देखिए, मेरी नौका आ रहीं हैं, अब विदा माँगता हूँ।
[सिन्धु में नौका आती हैं, घायल सिंहरण उसपर बैठता है, सिंहरण और अलका दोनों एक-दूसरे को देखते हैं]
अलका—मालविका भी तुम्हारे साथ जायगी--तुम जाने योग्य इस समय नहीं हो।
सिंहरण—जैसी आज्ञा। बहुत शीघ्र फिर दर्शन करूँगा। जन्मभूमि के लिए ही यह जीवन है, फिर जब आप-सी सुकुमारियाँ इसकी सेवा में कटिबद्ध हैं, तब मैं पीछे कब रहूँगा। अच्छा, नमस्कार।
[मालविका नाव में बैठती है। अलका सतृषण नयनों से देखती हुई नमस्कार करती है। नाव चली जाती हैं][चार सैनिकों के साथ यवन का प्रवेश]
यवन—निकल गया—मेरा अहेर! यह सब प्रपंच इसी रमणी का है। इसको बन्दी बनाओ।
[सैनिक अलका को देखकर सिर झुकाते हैं]
यवन—बन्दी करो सैनिक!
सैनिक—मैं नहीं कर सकता।
यवन—क्यों, गांधार-नरेश ने तुम्हे क्या आज्ञा दी हैं?
सैनिक—यही कि, आप जिसे कहे, उसे हम लोग बन्दी करके महाराज के पास ले चले।
यवन—फिर विलम्ब क्यों?
[अलका संकेत से वर्जित करती है]
सैनिक—हम लोगों की इच्छा।
यवन—तुम राजविद्रोही हो?
सैनिक—कदापि नहीं, पर यह काम हम लोगो से न हो सकेगा।
यवन—सावधान! तुमको इस आज्ञा-भंग का फल भोगना पड़ेगा। मैं स्वयं बन्दी बनाता हूँ।
[अलका की ओर बढ़ता है, सैनिक तलवार खींच लेते हैं]
यवन—(ठहर कर)—यह क्या?
सैनिक—डरते हो क्या? कायर! स्त्रियो पर वीरता दिखाने में बड़े प्रबल हो और एक युवक के सामने से भाग निकले!
यवन—तो क्या, तुम राजकीय आज्ञा का स्वयं न पालन करोगे और न करने दोगे?
सैनिक—यदि साहस हो मरने का तो आगे बढ़ो।
अलका—(सैनिको से)—ठहरो, विवाद करने का समय नहीं है।—(यवन से)—कहो, तुम्हारा अभिप्राय क्या है?
यवन—मैं तुम्हे बन्दी करना चाहता हूँ।
अलका—कहाँ ले चलोगे?
यवन—गांधार-नरेश के पास।
अलका—मैं चलती हूँ, चलो।
[आगे अलका, पीछे यवन और सैनिक जाते हैं]
प्रथम अंक — दृश्य ७
७
मगध का बन्दीगृहचाणक्य—समीर की गति भी अवरुद्ध है, शरीर का फिर क्या कहना? परन्तु मन में इतने संकल्प और विकल्प? एक बार निकलने पाता तो दिखा देता कि इन दुर्बल हाथों में साम्राज्य उलटने की शक्ति हैं और ब्राह्मण के कोमल हृदय में कर्तव्य के लिए प्रलय की आँधी चला देने की भी कठोरता है। जकड़ी हुई लौह शृंखलें! एक बार तु फूलों की माला बन जा और मैं मदोन्मत्त विलासी के समान तेरी सुन्दरता को भंग कर दूँ। क्या रोने लगूँ? इस निष्ठुर यंत्रणा की कठोरता से बिलबिलाकर दया की भिक्षा माँगूँ? माँगूँ कि मुझे भोजन के लिए एक मुट्ठी चने जो देते हो, न दो, एक बार स्वतंत्र कर दो। नहीं, चाणक्य! ऐसा न करना। नहीं तो तू भी साधारण-सी ठोकर खाकर चूर-चूर हो जाने वाली एक बामी हो जायगा। तब मैं आज से प्रण करता हूँ कि दया किसी से न माँगूँगा और अधिकार तथा अवसर मिलने पर किसी पर न करूँगा। (ऊपर देखकर)—क्या कभी नहीं? हाँ, हाँ, कभी किसी पर नही। मैं प्रलय के समान अवाधगति और कर्त्तव्य में इन्द्र के वज्र के समान भयानक बनूँगा।
[किवाड़ खुलता है, वररुचि और राक्षस का प्रवेश]
राक्षस—स्नातक! अच्छे तो हो?
चाणक्य—बुरे कब थे बौद्ध अमात्य!
राक्षस—आज हम लोग एक काम से आए हैं। आशा हैं कि तुम अपनी हठवादिता से मेरा और अपना दोनो का अपकार न करोगे।
वररुचि—हाँ चाणक्य! अमात्य का कहना मान लो।
चाणक्य—भिक्षोपजीवी ब्राह्मण! क्या बौद्धों का संग करते-करते तुम्हें अपनी गरिमा का सम्पूर्ण विस्मरण हो गया? चाटुकारों के सामने हाँ-में-हाँ मिलाकर, जीवन की कठिनाइयों से बचकर, मुझे भी कुत्ते का पाठ पढ़ाना चाहते हो! भूलो मत, यदि राक्षस देवता हो जाये तो उसका विरोध करने के लिए मुझे ब्राह्मण से दैत्य बनना पड़ेगा।
वररुचि—ब्राह्मण हो भाई! त्याग और क्षमा के प्रमाण—तपोनिधि ब्राह्मण हो। इतना—
चाणक्य—त्याग और क्षमा, तप और विद्या, तेज और सम्मान के लिए हैं—लोहे और सोने के सामने सिर झुकाने के लिए हम लोग ब्राह्मण नहीं बने हैं। हमारी दी हुई विभूति से हमी को अपमानित किया जाय, ऐसा नहीं हो सकता। कात्यायन! अब केवल पाणिनि से काम न चलेगा। अर्थशास्त्र और दण्ड-नीति की आवश्यकता हैं।
वररुचि—मैं वार्त्तिक लिख रहा हूँ चाणक्य! उसी के लिए तुम्हें सहकारी बनाना चाहता हूँ। तुम इस बन्दीगृह से निकलो।
चाणक्य—मैं लेखक नही हूँ कात्यायन! शास्त्र-प्रणेता हूँ, व्यवस्थापक हूँ।
राक्षस—अच्छा मैं आज्ञा देता हूँ कि तुम विवाद न बढ़ाकर स्पष्ट उत्तर दो। तुम तक्षशिला में मगध के गुप्त प्रणिधि बनकर जाना चाहते हो या मृत्यु चाहते हो? तुम्हीं पर विश्वास करके क्यों भेजना चाहता हूँ, यह तुम्हारी स्वीकृति मिलने पर बताऊँगा।
चाणक्य—जाना तो चाहता हूँ तक्षशिला, पर तुम्हारी सेवा के लिए नहीं। और सुनो, पर्वतेश्वर का नाश करने के लिए तो कदापि नहीं।
राक्षस—यथेष्ठ है, अधिक कहने की आवश्यकता नहीं।
वररुचि—विष्णुगुप्त! मेरा वार्त्तिक अधूरा रह जायगा। मान जाओ। तुम को पाणिनि के कुछ प्रयोगों का पता भी लगाना होगा जो उस शालातुरीय वैयाकरण ने लिखे हैं! फिर से एक बार तक्षशिला जाने पर ही उनुका—
चाणक्य—मेरे पास पाणिनि में सिर खपाने का समय नहीं। भाषा ठीक करने से पहले मैं मनुष्यों को ठीक करना चाहता हूँ, समझे! वररुचि––जिसने ‘श्वयुवमघोनामतद्धिते’ सूत्र लिखा है, वह केवल वैयाकरण ही नही, दार्शनिक भी था। उसकी अवहेलना!
चाणक्य––यह मेरी समझ में नहीं आता, मैं कुत्ता, साधारण युवक और इन्द्र को कभी एक सूत्र में नहीं बाँध सकता। कुत्ता कुत्ता ही रहेगा, इन्द्र, इन्द्र! सुनो वररुचि! मैं कुत्ते को कुत्ता ही बनाना चाहता हूँ। नीचो के हाथ में इन्द्र का अधिकार चले जाने से जो सुख होता हैं, उसे मै भोग रहा हूँ। तुम जाओ!
वररुचि––क्या मुक्ति भी नहीं चाहते।
चाणक्य––तुम लोगों के हाथ से वह भी नही।
राक्षस––अच्छा तो फिर तुम्हे अन्धकूप में जाना होगा।
[ चन्द्रगुप्त का रक्तपूर्ण खड्ग लिए सहसा प्रवेश––चाणक्य का बन्धन काटता है, राक्षस प्रहरियों को बुलाना चाहता है ]
चन्द्रगुप्त––चुप रहो अमात्य! शवो मे बोलने की शक्ति नही, तुम्हारे प्रहरी जीवित नहीं रहे।
चाणक्य––मेरे शिष्य! वत्स चन्द्रगुप्त!
चन्द्रगुप्त––चलिए गुरुदेव!––( खड्ग उठाकर राक्षस से ) ––यदि तुमने कुछ भी कोलाहल किया तो ... ( राक्षस बैठ जाता है ; वररुचि गिर पड़ता है। चन्द्रगुप्त चाणक्य को लिए निकलता हुआ किवाड़ बन्द कर देता है। )
प्रथम अंक — दृश्य ८
८
गांधार-नरेश का प्रकोष्ठ।
[चिन्तायुक्त प्रवेश करते हुए राजा]राजा—बूढ़ा हो चला, परन्तु मन बूढ़ा न हुआ। बहुत दिनों तक तृष्णा को तृप्त करता रहा, पर तृप्त नहीं होती। आम्भीक तो अभी युवक है, उसके मन में महत्त्वाकांक्षा का होना अनिवार्य है। उसका पय कुटिल है, गंधर्व-नगर की-सी सफलता उसे अपने पीछे दौड़ा रही है।—(विचार कर)—हाँ, ठीक तो नही हैं; पर उन्नति के शिखर पर नाक के सीधे चढने में बड़ी कठिनता है—(ठहरकर)—रोक दूँ। अब से भी अच्छा है, जब वे घुस आवेंगे तब तो गांधार को भी वही कष्ट भोगना पड़ेगा, जो हम दूसरों को देना चाहते हैं।
[अलका के साथ यवन और रक्षकों का प्रवेश]
राजा—बेटी! अलका!
अलका—हाँ महाराज, अलका।
राजा—नहीं, कहो—हाँ पिताजी। अलका, कब तक तुम्हें—सिखाता रहूँ!
अलका—नहीं महाराज!
राजा—फिर महाराज! पागल लड़की। कह, पिताजी!
अलका—वह कैसे महाराज! न्यायाधिकरण पिता-सम्बोधन से पक्षपाती हो जायगा।
राजा—यह क्या?
यवन—महाराज! मुझे नहीं मालूम कि ये राजकुमारी हैं। अन्यथा, मैं इन्हें बन्दी न बनाता।
राजा—सिल्यूकस! तुम्हारा मुख कंधे पर से बोल रहा है। यवन! यह मेरी राजकुमारी अलका है। आ बेटी—(उसकी ओर हाथ बढ़ाता है, वह अलग हट जाती है।)
अलका—नहीं महाराज! पहले न्याय कीजिये।
यवन—उद्भाण्ड पर बँधनेवाले पुल का मानचित्र इन्होंने एक स्त्री से बनवाया हैं, और जब मैं उसे माँगने लगा, तो एक युवक को देकर इन्होंने उसे हटा दिया। मैंने यह समाचार आप तक निवेदन किया और आज्ञा मिली कि वे लोग बन्दी किये जायँ; परन्तु वह युवक निकल गया।
राजा—क्यो बेटी! मानचित्र देखने की इच्छा हुई थी?—(सिल्यूकस से)—तो क्या चिन्ता है, जाने दो। मानचित्र तुम्हारा पुल बँधना रोक नहीं सकता।
अलका—नहीं महाराज! मानचित्र एक विशेष कार्य से बनवाया गया है—वह गांधार की लगी हुई कालिख छुड़ाने के लिए ......।
राजा—सो तो मैं जानता हूँ बेटी! तुम क्या कोई ना समझ हो।
[वेग से आम्भीक का प्रवेश]
आम्भीक—नहीं पिताजी, आपके राज्य में एक भयानक षड्यन्त्र चल रहा है और तक्षशिला का गुरुकुल उसका केन्द्र है। अलका उस रहस्यपूर्ण कुचक्र की कुंजी है।
राजा—क्यों अलका! यह बात सही है?
अलका—सत्य है। महाराज! जिस उन्नति की आशा में आम्भीक ने यह नीच कर्म किया है, उसका पहला फल यह है कि आज मैं वन्दिनी हूँ, सम्भव है कल आप होंगे! और परसो गांधार की जनता बेगार करेगी। उनका मुखिया होगा आपका वंश-उज्ज्वलकारी आम्भीक!
यवन—सन्धि के अनुसार देवपुत्र का साम्राज्य और गांधार मित्र-राज्य हैं, व्यर्थ की बात है।
आम्भीक—सिल्यूकस! तुम विश्राम करो। हम इसको समझकर तुमसे मिलते हैं।
[यवन का प्रस्थान, रक्षको का दूसरी ओर जाना]
राजा—परन्तु आम्भीक! राजकुमारी वन्दिनी बनाई जाय, वह भी मेरे ही सामने। उसके लिए एक यवन दण्ड की व्यवस्था करें, यही तो तुम्हारे उद्योगो का फल है!
अलका—महाराज! मुझे दण्ड दीजिये, कारागार में भेजिये, नहीं तो मैं मुक्त होने पर भी यही करूँगी। कुलपुत्रों के रक्त से आर्यावर्त्त की भूमि सिचेगी! दानवी बनकर जननी जन्म-भूमि अपनी सन्तान को खायगी। महाराज! आर्यावर्त्त के सब बच्चे आम्भीक-जैसे नहीं होंगे। वे इसकी मान-प्रतिष्ठा और रक्षा के लिए तिल-तिल कट जायेंगे। स्मरण रहे, यवनों की विजयवाहिनी के आक्रमण को प्रत्यावर्त्तन बनाने वाले यही भारत-सन्तान होंगे। तब बचे हुए क्षतांग वीर, गांधार को—भारत के द्वार-रक्षक को—विश्वासघाती के नाम से पुकारेंगे और उसमें नाम लिया जायगा मेरे पिता का! आह! उसे सुनने के लिए मुझे जीवित न छोड़िये, दण्ड दीजिये—मृत्युदण्ड!
आम्भीक—इसे उन सबो ने खूब बहकाया हैं। राजनीति के खेल यह क्या जाने? पिताजी, पर्वतेश्वर—उद्दंड पर्वतेश्वर ने जो मेरा अपमान किया है, उसका प्रतिशोध।
राजा—हाँ बेटी! उसने स्पष्ट कह दिया है कि, कायर आम्भीक से मैं अपने लोक-विश्रुत कुल की कुमारी का व्याह न करूँगा। और भी, उसने वितस्ता के इस पार अपनी एक चौकी बना दी है, जो प्राचीन सन्धियों के विरुद्ध है।
अलका—तब महाराज! उस प्रतिष्ठा की रक्षा के लिए जो लड़कर मर नहीं गया, वह कायर नहीं तो और क्या है?
आम्भीक—चुप रहो अलका!
राजा—तुम दोनो ही ठीक बाते कह रहे हो, फिर मैं क्या करूं?
अलका—तो महाराज! मुझे दण्ड दीजिए, क्योंकि राज्य का उत्तराधिकारी अम्भीक ही उसके शुभाशुभ की कसौटी है, मैं भ्रम में हूँ।
राजा—मैं यह कैसे कहूँ?
अलका—तब मुझे आज्ञा दीजिए, मैं राजमन्दिर छोड़कर चली जाऊँ।
राजा—कहाँ जाओगी और क्या करोगी अलका?
अलका—गांधार में विद्रोह मचाऊँगी!
राजा—नहीं अलका, तुम ऐसा नहीं करोगी।
अलका—करूँगी महाराज, अवश्य करूँगी।
राजा—फिर मैं पागल हो जाऊँगा! मुझे तो विश्वास नहीं होता।
आम्भीक—और तब अलका, मैं अपने हाथो से तुम्हारी हत्या करूँगा।
राजा—नहीं आम्भीक! तुम चुप रहो! सावधान! अलका के शरीर पर जो हाथ उठाना चाहता हो, उसे मैं द्वन्द्व-युद्ध के लिए ललकारता हूँ।
[आम्भीक सिर नीचा कर लेता है]
अलका—तो मैं जाती हूँ पिता जी!
राजा—(अन्यमनस्क भाव से सोचता हुआ)—जाओ।
[अलका चली जाती है]
राजा—आम्भीक!
आम्भीक—पिता जी!
राजा—लौट आओ।
आम्भीक—इस अवस्था में तो लौट आता, परन्तु वे यवन-सैनिक छाती पर खडे़ हैं। पुल बँध चुका है। नहीं तो पहले गांधार का ही नाश होगा।
राजा—अब?—(निश्वास लेकर)—जो होना हो सो हो। पर एक बात आम्भीक! आज से मुझसे कुछ न कहना। जो उचित समझो करो। मैं अलका को खोजने जाता हूँ। गांधार जाने और तुम जानो।
[वेग से प्रस्थान]
प्रथम अंक — दृश्य ९
९
पर्वतेश्वर की राजसभापर्वतेश्ववर—आर्य्य चाणक्य! आपकी बातें ठीक-ठीक नहीं समझ में आती।
चाणक्य—कैसे आवेगी, मेरे पास केवल बात ही हैं न, अभी कुछ कर दिखाने में असमर्थ हूँ।
पर्वतेश्वर—परन्तु इस समय मुझे यवनों से युद्ध करना है, मैं अपना एक भी सैनिक मगध नहीं भेज सकता।
चाणक्य—निरुपाय हूँ। लौट जाऊँगा। नहीं तो मगध की लक्षाधिक सेना आगामी यवन-युद्ध में पौरव पर्वतेश्वर की पताके के नीचे युद्ध करती। वही मगध, जिसने सहायता माँगने पर पञ्चनद का तिरस्कार किया था।
पर्वतेश्वर—हाँ, तो इस मगध-विद्रोह का केन्द्र कौन होगा? नन्द के विरुद्ध कौन खड़ा होता है?
चाणक्य—मौर्य्य-सेनानी का पुत्र चन्द्रगुप्त; जो मेरे साथ यहाँ आया है।
पर्वतेश्वर—पिप्पली-कानन के मौर्य्य भी तो वैसे ही वृषल हैं; उनको राज्यसिंहासन दीजियेगा?
चाणक्य—आर्य्य क्रियाओं का लोप हो जाने से इन लोगो को बृषलत्व मिला; वस्तुत ये क्षत्रिय हैं। बौद्धों के प्रभाव में आने से इनके श्रौत-संस्कार छूट गये हैं अवश्य, परन्तु इनके क्षत्रिय होने में कोई सन्देह नहीं। और, महाराज! धर्म्म के नियामक ब्राह्मण हैं, मुझे पात्र देखकर उसका संस्कार करने का अधिकार हैं। ब्राह्मणत्व एक सार्वभौम शाश्वत बुद्धि-वैभव है। वह अपनी रक्षा के लिए, पुष्टि के लिए और सेवा के लिए इतर वर्षों का संघटन कर लेगा। राजन्य-संस्कृति से पूर्ण मनुष्य को मूर्वाभिषिक्त बनाने में दोष ही क्या है?
पर्वतेश्वर—(हँसकर)—यह आपका सुविचार नहीं है ब्राह्मण।
चाणक्य—वशिष्ठ का ब्राह्मणत्व जब पीड़ित हुआ था, तब पल्लव, दरद, काम्बोज आदि क्षत्रिय बने थें। राजन, यह कोई नयी बात नहीं है।
पर्वतेश्वर—वह समर्थ ऋषियों की बात हैं।
चाणक्य—भविष्य इसका विचार करता हैं कि ऋषि किन्हें कहते हैं। क्षत्रियाभिमानी पौरव! तुम इसके निर्णायक नहीं हो सकते।
पर्वतेश्वर—शूद्र-शासित राष्ट्र में रहने वाले ब्राह्मण के मुख से यह बात शोभा नहीं देती।
चाणक्य—तभी तो ब्राह्मण मगध को क्षत्रिय-शासन में ले आना चाहता है। पौरव! जिसके लिए कहा गया हैं, कि क्षत्रिय के शस्त्र धारण करने पर आर्त्तवाणी नहीं सुनाई पड़नी चाहिये, मौर्य्य चन्द्रगुप्त वैसा ही क्षत्रिय प्रमाणित होगा।
पर्वतेश्वर—कल्पना है।
चाणक्य—प्रत्यक्ष होगी। और स्मरण रखना, आसन्न यवन-युद्ध में, शौर्य्य गर्व से तुम पराभूत होगे। यवनों के द्वारा समग्र आर्यावर्त्त पादाक्रान्त होगा। उस समय तुम मुझे स्मरण करोगे।
पर्वतेश्वर—केवल अभिशाप-अस्त्र लेकर ही तो ब्राह्मण लड़ते हैं। मैं इससे नहीं डरता। परन्तु डरानेवाले ब्राह्मण! तुम मेरी सीमा के बाहर हो जाओ!
चाणक्य—(ऊपर देखकर)—रे पददलित ब्राह्मणत्व! देख, शुद्र ने निगड़-बद्ध किया, क्षत्रिय निर्वासित करता है, तब जल—एक बार अपनी ज्वाला से जल! उसकी चिनगारी से तेरे पोषक वैश्य, सेवक शूद्र और रक्षक क्षत्रिय उत्पन्न हो। जाता हूँ पौरव!
[प्रस्थान]
प्रथम अंक — दृश्य १०
१०
कानन-पथ में अलकाअलका—चली जा रही हूँ। अनन्त पथ है, कहीं पान्थशाला नहीं और न पहुँचने का निर्दिष्ट स्थान है। शैल पर से गिरा दी गई स्रोत-स्विनी के सदृश अविराम भ्रमण, ठोकरे और तिरस्कार! कानन में कहाँ चली जा रही हूँ?—(सामने देखकर)—अरे! यवन!!
(शिकारी के वेश में सिल्यूकस का प्रवेश)
सिल्यूकस—तुम कहाँ, सुन्दरी राजकुमारी!
अलका—मेरा देश है, मेरे पहाड़ हैं, मेरी नदियाँ हैं और मेरे जंगल हैं। इस भूमि के एक-एक परमाणु मेरे हैं और मेरे शरीर के एक-एक क्षुद्र अंश उन्ही परमाणुओं के बने हैं! फिर मैं और कहाँ जाऊँगी यवन?
सिल्यूकस—यहाँ तो तुम अकेली हो सुन्दरी!
अलका—सो तो ठीक है।—(दूसरी ओर देखकर सहसा)—परंतु देखो वह सिंह आ रहा है।
(सिल्यूकस उधर देखता है, अलका दूसरी ओर निकल जाती है)
सिल्यूकस—निकल गई।—(दूसरी ओर जाता है)
(चाणक्य और चन्द्रगुप्त का प्रवेश)
चाणक्य—वत्स, तुम बहुत थक गए होंगे।
चन्द्रगुप्त—आर्य्य! नसों ने अपने बंधन ढीले कर दिये हैं, शरीर अवसन्न हो रहा है, प्यास भी लगी है।
चाणक्य—और कुछ दूर न चल सकोगे?
चन्द्रगुप्त—जैसी आज्ञा हो।
चाणक्य—पास ही सिन्धु लहराता होगा, उसके तट पर ही विश्राम करना ठीक होगा।[चन्द्रगुप्त चलने के लिए पैर बढ़ाता है फिर बैठ जाता है]
चाणक्य—(उसे पकड़कर)—सावधान, चन्द्रगुप्त!
चन्द्रगुप्त—आर्य्य! प्यास से कंठ सूख रहा है, चक्कर आ रहा है।
चाणक्य—तुम विश्राम करो, मैं अभी जल लेकर आता हूँ।
[प्रस्थान]
[चन्द्रगुप्त पसीने से तर लेट जाता है। एक व्याघ्र समीप आता दिखाई पड़ता है। सिल्यूकस प्रवेश करके धनुष सँभालकर तीर चलाता है! व्याघ्र मरता है। सिल्यूकस की चन्द्रगुप्त को चैतन्य करने की चेष्टा। चाणक्य का जल लिए आना]
सिल्यूकस—थोड़ा जल, इस सत्त्वपूर्ण पथिक की रक्षा करने के लिए थोड़ा जल चाहिए।
चाणक्य—(जल के छींटे देकर)—आप कौन हैं?
[चन्द्रगुप्त स्वस्थ होता है]
सिल्यूकस—यवन सेनापति! तुम कौन हो?
चाणक्य—एक ब्राह्मण।
सिल्यूकस—यह तो कोई बड़ा श्रीमान पुरुष है। ब्राह्मण! तुम इसके साथी हो?
चाणक्य—हाँ, मैं इस राजकुमार का गुरु हूँ, शिक्षक हूँ।
सिल्यूकस—कहाँ निवास है?
चाणक्य—यह चन्द्रगुप्त मगध का एक निर्वासित राजकुमार है।
सिल्यूकस—(कुछ विचारता है)—अच्छा, अभी तो मेरे शिविर में चलो, विश्राम करके फिर कहीं जाना।
चन्द्रगुप्त—यह सिंह कैसे मरा? ओह, प्यास से मैं हतचेत हो गया था—आपने मेरे प्राणों की रक्षा की, मै कृतज्ञ हूँ। आज्ञा दीजिए, हम लोग फिर उपस्थित होंगे, निश्चय जानिए।
सिल्यूकस—जब तुम अचेत पडे़ थे तब यह तुम्हारे पास बैठा था। मैंने विपद समझकर इसे मार डाला। मैं यवन सेनापति हूँ।
चन्द्रगुप्त—धन्यवाद! भारतीय कृतघ्न नहीं होतें। सेनापति! मैं आप का अनुगृहीत हूँ, अवश्य आप के पास आऊँगा।
[तीनों जाते हैं, अलका का प्रवेश]
अलका—आर्य चाणक्य और चन्द्रगुप्त—यें भी यवनों के साथी! जब आँधी और करका-वृष्टि, अवर्षण और दावाग्नि का प्रकोप हो, तब देश की हरी-भरी खेती का रक्षक कौन है? शून्य व्योम प्रश्न को बिना उत्तर दिए लौटा देता है। ऐसे लोग भी आक्रमणकारियों के चंगुल में फंस रहे हो, तब रक्षा की क्या आशा। झेलम के पार सेना उतरना चाहती हैं। उन्मत्त पर्वतेश्वर अपने विचारों में मग्न है। गांधार छोड़कर चलूँ, नहीं, एक बार महात्मा दाण्ड्यायन को नमस्कार कर लूँ, उस शान्ति-सन्देश से कुछ प्रसाद लेकर तब अन्यत्र जाऊँगी।
[जाती है]
प्रथम अंक — दृश्य ११
११
सिन्धु-तट पर दाण्ड्यायन का आश्रमदाण्ड्यायन—पवन एक क्षण विश्राम नहीं लेता, सिन्धु की जलधारा बही जा रही है, बादलों के नीचे पक्षियों का झुण्ड उड़ा जा रहा हैं, प्रत्येक परमाणु न जाने किस आकर्षण में खिंचे चले जा रहे हैं। जैसे काल अनेक रूप में चल रहा है।—यही तो...
[एनिसाक्रीटीज का प्रवेश]
एनि॰—महात्मन्!
दाण्ड्यायन—चुप रहो, सब चले जा रहे हैं, तुम भी चले जाओ। अवकाश नहीं, अवसर नहीं।
एनि॰—आप से कुछ....
दाडण्यायन—मुझसे कुछ मत कहो। कहो तो अपने आप ही कहो, जिसे आवश्यकता होगी सुन लेगा। देखते हो, कोई किसी की सुनता है? मैं कहता हूँ—सिन्धु के एक विन्दु! धारा में न बहकर मेरी एक बात सुनने के लिए ठहर जा।―वह सुनता है? ठहरता है? कदापि नहीं।
एनि॰—परन्तु देवपुत्र ने ......
दाण्ड्यायन—देवपुत्र?
एनि॰—देवपुत्र जगद्विजेता सिकन्दर ने आपका स्मरण किया हैं। आपका यश सुनकर आपसे कुछ उपदेश ग्रहण करने की उनकी बलवती इच्छा हैं।
दाण्ड्यायन—(हँसकर)—भूमा का सुख और उसकी महत्ता का जिसको आभास-मात्र हो जाता है, उसको ये नश्वर चमकीले प्रदर्शन नहीं अभिभूत कर सकते, दूत! वह किसी बलवान की इच्छा का क्रीड़ा-कन्दुक नहीं बन सकता। तुम्हारा राजा अभी झेलम भी नहीं पार कर सका, फिर भी जगद्विजेता की उपाधि लेकर जगत को वञ्चित करता है। मैं लोभ से, सम्मान से, या भय से किसी के पास नहीं जा सकता।
एनि॰—महात्मन्! ऐसा क्यों? यदि न जाने पर देवपुत्र दण्ड दें?
दाण्डायायन—मेरी आवश्यकताएँ परमात्मा की विभूति प्रकृति पूरी करती हैं। उसके रहते दूसरों का शासन कैसा? समस्त आलोक, चैतन्य और प्राणशक्ति, प्रभु की दी हुई हैं। मृत्यु के द्वारा वहीं इसको लौटा लेता हैं। जिस वस्तु को मनुष्य दे नहीं सकता, उसे ले लेने की स्पर्धा से बढ़कर दूसरा दम्भ नहीं। मैं फल-मूल खाकर अंजलि से जलपान कर, तृण-शय्या पर आँख बन्द किए सो रहता हूँ। न मुझसे किसी को डर है और न मुझको डरने का कारण है। तुम ही यदि हठात् मुझे ले जाना चाहो तो केवल मेरे शरीर को ले जा सकते हो, मेरी स्वतंत्र आत्मा पर तुम्हारे देवपुत्र का भी अधिकार नहीं हो सकता।
एनि॰—बडे़ निर्भीक हो ब्राह्मण! जाता हूँ, यही कह दूँगा!— (प्रस्थान)
[एक ओर से अलका, दूसरी ओर से चाणक्य और चन्द्रगुप्त का प्रवेश। सब वन्दना करके सविनय बैठते हैं]
अलका—देव! मै गांधार छोड़कर जाती हूँ।
दाण्डायायन—क्यों अलके, तुम गांधार की लक्ष्मी हो, ऐसा क्यों?
अलका—ऋषी! यवनों के हाथ स्वाधीनता बेचकर उनके दान से जीने की शक्ति मुझमें नहीं।
दाण्ड्यायन—तुम उत्तरापथ की लक्ष्मी हो, तुम अपना प्राण बचाकर कहाँ जाओगी?—(कुछ विचारकर)—अच्छा जाओ देवि! तुम्हारी आवश्यकता है। मंगलमय विभु अनेक अमंगलों में कौन-कौन कल्याण छिपाए रहता है, हम सब उसे नही समझ सकते। परन्तु जब तुम्हारी इच्छा हो, निस्संकोच चली आना।
अलका—देव, हृदय में सन्देह है!
दाण्ड्यायन—क्या अलका?
अलका—यें दोनों महाशय, जो आपके सम्मुख बैठे हैं—जिनपर पहले मेरा पूर्ण विश्वास था, वे ही अब यवनों के अनुगत क्यों होना चाहते हैं?
[दाण्ड्यायन चाणक्य की ओर देखता है और चाणक्य कुछ विचारने लगता है]
चन्द्रगुप्त—देवि! कृतज्ञता का बन्धन अमोघ है।
चाणक्य—राजकुमारी! उस परिस्थित पर आपने विचार नहीं किया हैं, आपकी शंका निर्मूल हैं।
दाण्ड्यायन—सन्देह न करो अलका! कल्याणकृत को पूर्ण विश्वासी होना पडे़गा। विश्वास सुफल देगा, दुर्गति नहीं।
[यवन सैनिक को प्रवेश]
यवन—देवपुत्र आपकी सेवा में आया चाहते हैं, क्या आज्ञा है?
दण्ड्यायन—मैं क्या आज्ञा दूँ सैनिक! मेरा कोई रहस्य नहीं, निभृत मन्दिर नहीं, यहाँ पर सबका प्रत्येक क्षण स्वागत हैं।
[सैनिक जाता है]
अलका—तो मैं जाती हूँ, आज्ञा हो।
दाण्ड्यायन—कोई आतंक नहीं है अलका! ठहरो तो।
चाणक्य—महात्मन्, हम लोगों को क्या आज्ञा है? किसी दूसरे समय उपस्थित हो?
दाण्ड्यायन—चाणक्य! तुमको तो कुछ दिनों तक इस स्थान पर रहना होगा, क्योंकि सब विद्या के आचार्य्य होने पर भी तुम्हें उसका फल नहीं मिला—उद्वेग नहीं मिटा। अभी तक तुम्हारे हृदय में हलचल मची है, यह अवस्था सन्तोषजनक नहीं।
[सिकन्दर का सिल्यूकस, कार्नेलिया, एनिसाक्रेटीज इत्यादि सहचरों के साथ प्रवेश, सिकन्दर नमस्कार करता है, सब बैठते हैं]
दण्ड्यायन—स्वागत अलक्षेन्द्र! तुम्हें सुबुद्धि मिले।
सिकन्दर––महात्मन्! अनुगृहीत हुआ, परन्तु मुझे कुछ और आशीर्वाद चाहिए।
दाण्ड्यायन––मैं और आशीर्वाद देने में अस्मर्थ हूँ। क्योकि इसके अतिरिक्त जितने आशीर्वाद होगे, वे अमगलजनक होगे।
सिकन्दर––मैं आपके मुख से जय सुनने का अभिलाषी हूँ।
दाण्डयायन––जयघोष तुम्हारे चारण करेगे; हत्या, रक्तपात और अग्निकाण्ड के लिए उपकरण जुटाने में मुझे आनन्द नहीं। विजय-तृष्णा का अन्त पराभव में होता है, अलक्षेन्द्र! राजसत्ता सुव्यवस्था से बढे तो वढ सकती है, केवल विजयो से नही। इसलिए अपनी प्रजा के कल्याण में लगो।
सिकन्दर––अच्छा––( चन्द्रगुप्त को दिखाकर)––यह तेजस्वी युवक कौन हैं?
सिल्यूकस––यह मगध का एक निर्वासित राजकुमार है।
सिकन्दर––मैं आपका स्वागत करने के लिए अपने शिविर में निमत्रित करता हूँ।
चन्द्रगुप्त––अनुगृहीत हुआ। आर्य्य लोग किसी निमंत्रण को अस्वीकार नहीं करते।
सिकन्दर––( सिल्यूकस से )––तुमसे इनसे कब परिचय हुआ?
सिल्यूकस––इनसे तो मैं पहले ही मिल चुका हूँ।
चन्द्रगुप्त––आपका उपकारमै भूला नही हूँ। आपने व्याघ्र से मेरी रक्षा की थी। जब मैं अचेत पञ था।
सिकन्दर––अच्छा तो आप लोग पूर्व-परिचित भी हैं! तब तो सेनापति, इनके आतिथ्य का भार आप ही पर रहा।
सिल्यूकस––जैसी आज्ञा।
सिकन्दर––(महात्मा से)––महात्मन्! लौटनी बार आपवा फिर दर्शन करूँगा, जब भारत-विजय कर लूँँगा।
दाण्ड्यायन––अलक्षेन्द्र, सावधान! ( चन्द्रगुप्त को दिखाकर ) देखों, यह भारत का भावी सम्राट् तुम्हारे सामने बैठा हैं।
[सब स्तब्ध होकर चन्द्रगुप्त को देखते हैं और चन्द्रगुप्त आश्चर्य से कार्नेलिया को देखने लगता है। एक दिव्य आलोक]
[पटाक्षेप]