📝 जयशंकर प्रसाद का ऐतिहासिक नाटक "चन्द्रगुप्त" (1931)। RPSC स्कूल व्याख्याता (1st Grade) हिन्दी पाठ्यक्रम 2025 में निर्धारित।
तृतीय अंक — दृश्य १
तृतीय अंक
१
विपाशा-तट का शिविर.......राक्षस टहलता हुआ
राक्षस—एक दिन चाणक्य ने कहा था कि आक्रमणकारी यवन, ब्राह्मण और बौद्धों का भेद न मानेगें। वही बात ठीक उतरी। यदि मालव और क्षुद्रक परास्त हो जाते और यवन सेना शतद्रु पार कर जाती, तो मगध का नाश निश्चित था। मूर्ख मगध-नरेश ने संदेह किया है और बार-बार मेरे लौट आने की आज्ञाएँ आने लगी हैं! परन्तु....
[एक चर प्रवेश करके प्रणाम करता है]
राक्षस—क्या समाचार है?
चर—बड़ा ही आतंकजनक है अमात्य!
राक्षस—कुछ कहो भी।
चर—सुवासिनी पर आपसे मिलकर कुचक्र रचने का अभियोग हैं, वह कारागार में है।
राक्षस—(क्रोध से)—और भी कुछ?
चर—हाँ अमात्य, प्रान्त-दुर्ग पर अधिकार करके विद्रोह करने के अपराध में आप को बन्दी बनाकर ले आने वाले के लिए पुरस्कार की घोषणा की गई है।
राक्षस—यहाँ तक! तुम सत्य कहते हो?
चर—मैं तो यहाँ तक कहने के लिए प्रस्तुत हूँ कि अपने बचने का शीघ्र उपाय कीजिए।
राक्षस—भूल थी! मेरी भूल थी! मूर्ख राक्षस! मगध की रक्षा करने चला था! जाता मगध, कटती प्रजा, लुटते नगर! नन्द! क्रूरता और मूर्खता की प्रतिमूर्ति नन्द! एक पशु! उसके लिए क्या चिन्ता थी! सुवासिनी! मैं सुवासिनी के लिए मगध को बचाना चाहता था! कुटिल विश्वघातिनी राज-सेवा! तुझे धिक्कार है!
[एक नायक का सैनिकों के साथ प्रवेश]
नायक—अमात्य राक्षस, मगध-सम्राट् की आज्ञा से शस्त्र त्याग कीजिए। आप बन्दी हैं।
राक्षस—(खड्ग खींच कर)—कौन है तू मूर्ख! इतना साहस!
नायक—यह तो बन्दीगृह बतावेगा! बल-प्रयोग करने के लिए मैं बाध्य हूँ।—(सैनिकों से)—अच्छा! बाँध लो।
[दूसरी ओर से आठ सैनिक आकर उन पहले के सैनिकों को बन्दी बनाते हैं। राक्षस आश्चर्य-चकित होकर देखता है।]
नायक—तुम सब कौन हो?
नवागत सैनिक—राक्षस के शरीर-रक्षक!
राक्षस—मेरे!
नवागत—हाँ अमात्य! आर्य चाणक्य ने आज्ञा दी हैं कि जब तक यवनो का उपद्रव है तब तक सब की रक्षा होनी चाहिए, भले ही वह राक्षस क्यों न हो।
राक्षस—इसके लिए मैं चाणक्य का कृतज्ञ हूँ।
नवागत—परन्तु अमात्य! कृतज्ञता प्रकट करने के लिए आप को उनके समीप तक चलना होगा।
[सैनिकों को संकेत करता है, बन्दियों को लेकर चले जाते हैं]
राक्षस—मुझे कहाँ चलना होगा? राजकुमारी से शिविर में भेट कर लूँगा।
नवागत—वहीं सबसे भेट होगी। यह पत्र है।
[राक्षस पत्र लेकर पढ़ता है]
राक्षस—अलका का सिंहरण से ब्याह होने वाला है, उसमें मैं भी निमंत्रित किया गया हूँ! चाणक्य विलक्षण बुद्धि का ब्राह्मण है, उसकी प्रखर प्रतिभा कूट राजनीति के साथ दिन रात जैसे खिलवाड़ किया करती है।
नवागत—हाँ, आपने और भी कुछ सुना हैं?
राक्षस—क्या?
नवागत—यवनों ने मालवों से सन्धि करने का संदेश भेजा है। सिकन्दर ने उस वीर रमणी अलका को देखने की बड़ी इच्छा प्रकट की है, जिसने दुर्ग में सिकन्दर का प्रतिरोध किया था।
राक्षस—आश्चर्य!
चर—हाँ अमात्य! यह तो मैं कहने ही नहीं पाया था। रावी-तट पर एक विस्तृत शिविरों की रंग-भूमि बनी है, जिसमें अलका का ब्याह होगा। जब से सिकन्दर को यह विदित हुआ है कि अलका तक्षशिला-नरेश आम्भीक की बहन है, तब से उसे एक अच्छा अवसर मिल गया हैं। उसने उक्त शुभ अवसर पर मालवों और यवनों का एक सम्मिलित उत्सव करने की घोषणा कर दी है। आम्भीक के पक्ष से स्वयं निमंत्रित होकर, परिणय-संपादन कराने, दल-बल के साथ सिकन्दर भी आवेगा।
राक्षस—चाणक्य! तु धन्य है! मुझे ईर्ष्या होती है। चलो।
[सब जाते हैं]
तृतीय अंक — दृश्य २
२
रावी-तट के उत्सव-शिविर का एक पथ। पर्वतेश्वर अकेले टहलते हुए
पर्व॰—आह! कैसा अपमान! जिस पर्वतेश्वर ने उत्तरापथ में अनेक प्रबल शत्रुओं के रहते भी विरोधों को कुचल कर गर्व से सिर ऊँचा कर रक्खा था, जिसने दुर्दान्त सिकन्दर के सामने मरण को तुच्छ समझते हुए, वक्ष ऊँचा करके भाग्य से हँसी-ठट्ठा किया था, उसी का यह तिरस्कार ―तो भी एक स्त्री के द्वारा! और सिकन्दर के संकेत से! प्रतिशोध! रक्त-पिशाची प्रतिहिंसा अपने दाँतो से नसों को नोच रही हैं! मरूँ या मार डालूँ? मारना तो असम्भव है। सिंहरण और अलका, वर-वधू-वेश में हैं, मालवों के चुने हुए वीरों से वे घिरे हैं। सिकन्दर उनकी प्रशंसा और आदर में लगा है। इस समय सिंहरण पर हाथ उठाना असफलता के पैरों-तले गिरना है। तो फिर जीकर क्या करूँ?
[छुरा निकाल कर आत्महत्या करना चाहता है, चाणक्य आकर हाथ पकड़ लेता है]
पर्वतेश्वर—कौन?
चाणक्य—ब्राह्मण चाणक्य।
पर्व॰—इस मेरे अन्तिम समय में भी क्या कुछ दान चाहते हो?
चाणक्य―हाँ!
पर्व॰—मैंने अपना राज्य दिया, अब हटो।
चाणक्य—यह तो तुमने दे दिया, परन्तु इसे मैंने तुमसे माँगा न था पौरव!
पर्व॰—फिर क्या चाहते हो?
चाणक्य—एक प्रश्न का उत्तर।
पर्व॰—तुम अपनी बात मुझे स्मरण दिलाने आये हो? तो ठीक है। ब्राह्मण! तुम्हारी बात सच हुई। यवनों ने आर्यावर्त्त को पददलित कर लिया। मैं गर्व में भूला था, तुम्हारी बात न मानी। अब उसी का प्रायश्चित्त करने जाता हूँ! छोड़ दो!
चाणक्य—पौरव! शान्त हो। मैं एक दूसरी बात पूछता हूँ। वृषल चन्द्रगुप्त क्षत्रिय हैं कि नहीं, अथवा उसे मूर्धाभिषिक्त करने में ब्राह्मण से भूल हुई?
पर्व॰—आह, ब्राह्मण! व्यंग्य न करो। चन्द्रगुप्त के क्षत्रिय होने का प्रमाण यही विराट् आयोजन है। आर्य्य चाणक्य! मैं क्षमता रखते हुए जिस कार्य को न कर सका, वह कार्य्य निस्सहाय चन्द्रगुप्त ने किया। आर्य्यावर्त्त से यवनों को निकल जाने का संकेत उसके प्रचुर बल का द्योतक है। मैं विश्वस्त हृदय से कहता हूँ कि चन्द्रगुप्त आर्य्यवर्त्त का एकैच्छत्र सम्राट् होने के उपयुक्त हैं। अब मुझे छोड़ दो .....
चाणक्य—पौरव! ब्राह्मण राज्य करना नहीं जानता, करना भी नहीं चाहता, हाँ, वह राजाओं का नियमन करना जानता है; राजा बनाना जानता है। इसलिए तुम्हें अभी राज्य करना होगा, और करना होगा वह कार्य्य-जिसमें भारतीयों का गौरव हो और तुम्हारे क्षात्रधर्म का पालन हो।
पर्व॰—(छुरा फेंक कर)—वह क्या काम है?
चाणक्य—जिन यवनों ने तुमको लाञ्छित और अपमानित किया है, उनसे प्रतिशोध!
पर्व॰—असम्भव है!
चाणक्य—(हँस कर)—मनुष्य अपनी दुर्बलता से भलीभाँति परिचित रहता है। परन्तु उसे अपने बल से भी अवगत होना चाहिए। असम्भव कहकर किसी काम को करने के पहले कर्मक्षेत्र में काँपकर लड़खडाओ मत पौरव! तुम क्या हो—विचार कर देखो तो! सिकन्दर ने जो क्षत्रप नियुक्त किया है, जिन सन्धियों को वह प्रगतिशील रखना चाहता है, वे सब क्या है? अपनी लूट-पाट को वह साम्राज्य के रूप में देखना चाहता है! चाणक्य जीते-जी यह नहीं होने देगा! तुम राज्य करो।
पर्व॰—परन्तु आर्य्य, मैंने राज्य दान कर दिया है!
चाणक्य—पौरव, तामस त्याग से सात्त्विक ग्रहण उत्तम है। वह दान न था, उसमें कोई सत्य नहीं। तुम उसे ग्रहण करो।
पर्व॰—तो क्या आज्ञा हैं?
चाणक्य—पीछे बतलाऊँगा। इस समय मुझे केवल यही कहना है कि सिंहरण को अपना भाई समझो और अलका को बहन।
[वृद्ध गांधार-राज का सहसा प्रवेश]
वृद्ध॰—अलका कहाँ है, अलका?
पर्व॰—कौन हो तुम वृद्ध?
चाणक्य—मैं इन्हे जानता हूँ―वृद्ध गांधार-नरेश।
पर्व॰—आर्य्य, मैं पर्वतेश्वर प्रणाम करता हूँ।
वृद्ध॰—मैं प्रणाम करने योग्य नहीं, पौरव! मेरी सन्तान से देश का बड़ा अनिष्ट हुआ है। आम्भीक ने लज्जा की यवनिका में मुझे छिपा दिया है। इस देशद्रोही के प्राण केवल अलका को देखने के लिए बचे हैं, उसी से कुछ आशा थी। जिसको मोल लेने में लोभ असमर्थ था, उसी अलका को देखना चाहता हूँ और प्राण दे देना चाहता हूँ!―(हांफता है)।
चाणक्य—क्षत्रिय! तुम्हारे पाप और पुण्य दोनों जीवित है। स्वस्तिमती अलका आज सौभाग्यवती होने जा रही है, चलो कन्या-सप्रदान करके प्रसन्न हो जाओ।
[चाणक्य वृद्ध गांधार-नरेश को लिवा जाता है]
पर्व॰—जाऊँ? किधर जाऊँ? चाणक्य के पीछे?―(जाता है)
[कार्नेलिया और चन्द्रगुप्त का प्रवेश]
चन्द्र॰—कुमारी, आज मुझे बड़ी प्रसन्नता हुई।
कार्ने॰—किस बात की?
चन्द्र॰—कि मैं विस्मृत नहीं हुआ।
कार्ने॰—स्मृति कोई अच्छी वस्तु है क्या?
चन्द्र॰—स्मृति जीवन का पुरस्कार है सुन्दरी!
कार्ने॰—परन्तु मैं कितने दूर देश की हूँ। स्मृतियाँ ऐसे अवसर पर उदण्ड हो जाती हैं। अतीत के कारागृह में बन्दिनी स्मृतियाँ अपने करुण निश्वास की शृंखलाओं को झनझनाकर सूचीभेद्य अन्धकार में सो जाती है।
चन्द्र॰—ऐसा हो तो भूल जाओ शुभे! इस केन्द्रच्युत जलते हुए उल्कापिंड की कोई कक्षा नहीं। निर्वासित, अपमानित प्राणों की चिन्ता क्या?
कार्ने॰—नहीं चन्द्रगुप्त, मुझे इस देश से जन्मभूमि के समान स्नेह होता जा रहा है। यहाँ के श्यामल कुंज, घने जंगल, सरिताओं की माला पहने हुए शैल-श्रेणी, हरी-भरी वर्षा, गर्मी की चाँदनी, शीत-काल की धूप, और भोले कृषक तथा सरल कृषक-बालिकायें, बाल्य-काल की सुनी हुई कहानियों की जीवित प्रतिमाएँ है। यह स्वप्नों का देश, यह त्याग और ज्ञान का पालना, यह प्रेम की रंगभूमि—भारतभूमि क्या भुलाई जा सकती है? कदापि नहीं। अन्य देश मनुष्यो की जन्मभूमि हैं, यह भारत मानवता की जन्मभूमि हैं।
चन्द्र॰—शुभे, मैं यह सुनकर चकित हो गया हूँ।
कार्ने॰—और मैं मर्म्माहत हो गई हूँ चन्द्रगुप्त, मुझे पूर्ण विश्वास था कि यहाँ के क्षत्रप पिताजी नियुक्त होंगे और मैं अलेग्जेंद्रिया में समीप ही रहकर भारत को देख सकूँगी। परन्तु वैसा न हुआ, सम्राट् ने फिलिप्स को यहाँ का शासक नियुक्त कर दिया हैं।
[अकस्मात् फिलिप्स का प्रवेश]
फिलि॰—तो बुरा क्या है कुमारी! सिल्यूकस के क्षत्रप न होने पर भी कार्नेलिया यहाँ की शासक हो सकती हैं। फिलिप्स अनुचर होगा―(देखकर)—फिर वही भारतीय युवक!
चन्द्र॰—सावधान! यवन! हम लोग एक बार एक-दूसरे की परीक्षा ले चुके हैं।
फिलि॰—उँह! तुमसे मेरा सम्बन्ध ही क्या है, परन्तु ..
कार्ने॰—और मुझसे भी नहीं, फिलिप्स! मैं चाहती हूँ कि तुम मुझसे न बोलो!
फिलि॰—अच्छी बात है। किन्तु मैं चन्द्रगुप्त को भी तुमसे बातें करते हुए नहीं देख सकता। तुम्हारे प्रेम का....
कार्ने॰—चुप रहो, मैं कहती हूँ चुप रहो!
फिलि॰—(चन्द्रगुप्त से) मैं तुमसे द्वंद्व-युद्ध किया चाहता हूँ।
चन्द्र॰—जब इच्छा हो, मैं प्रस्तुत हूँ। और सन्धि भंग करने के लिये तुम्हीं अग्रसर होंगे, यह अच्छी बात होगी।
फिलि॰—सन्धि राष्ट्र की है। यह मेरी व्यक्तिगत बात है। अच्छा, फिर कभी मैं तुम्हे आह्वान करूँगा।
चन्द्र॰—आधी रात, पिछले पहर, जब तुम्हारी इच्छा हो!
[फिलिप्स का प्रस्थान]
कार्ने॰—सिकन्दर ने भारत से युद्ध किया हैं और मैंने भारत का अध्ययन किया है। मैं देखती हूँ कि यह युद्ध ग्रीक और भारतीयों के अस्त्र का ही नहीं इसमें दो बुद्धियाँ भी लड़ रही हैं। यह अरस्तू और चाणक्य की चोट है, सिकन्दर और चन्द्रगुप्त उनके अस्त्र हैं।
चन्द्र॰—मैं क्या कहूँ, मैं एक निर्वासित----
कार्ने॰—लोग चाहे जो कहें, मैं भलीभाँति जानती हूँ कि अभी तक चाणक्य की विजय है। पिताजी से और मुझ से इस विषय पर अच्छा विवाद होता है। वे अरस्तु के शिष्यों में हैं।
चन्द्र॰—भविष्य के गर्भ में अभी बहुत-से रहस्य छिपे हैं।
कार्ने॰—अच्छा, तो मैं जाती हूँ और फिर एक बार अपनी कृतज्ञता प्रकट करती हूँ। किन्तु मुझे विश्वास है कि मैं पुनः, लौट कर आऊँगी।
चन्द्र॰—उस समय भी मुझे भूलने की चेष्टा करोगी?
कार्ने॰—नहीं। चन्द्रगुप्त! विदा,---यवन-बेड़ा आज ही जायगा।
[दोनों एक-दूसरे की ओर देखते हुए जाते हैं--राक्षस और कल्याणी का प्रवेश]
कल्याणी—ऐसा विराट् दृश्य तो मैंने नहीं देखा था अमात्य! मगध को किस बात का गर्व है?
राक्षस—गर्व है राजकुमारी! और उसका गर्व सत्य है। चाणक्य और चन्द्रगुप्त मगध की ही प्रजा हैं, जिन्होनें इतना बड़ा उलट-फेर किया है?
[चाणक्य का प्रवेश]
चाणक्य—तो तुम इसे स्वीकार करते हो अमात्य राक्षस?
राक्षस—शत्रु की उचित प्रशंसा करना मनुष्य का धर्म्म है। तुमने अद्भुत कार्य्य किये, इसमें भी कोई सन्देह है?
चाणक्य—अस्तु, अब तुम जा सकते हो। मगध तुम्हारा स्वागत करेगा।
राक्षस—राजकुमारी तो कल चली जायँगी। पर, मैंने अभी तक निश्चय नहीं किया है।
चाणक्य—मेरा कार्य्य हो गया, राजकुमारी जा सकती हैं। परन्तु एक बात कहूँ?
राक्षस—क्या?
चाणक्य—यहाँ की कोई बात नन्द से न कहने की प्रतिज्ञा करनी होगी।
कल्याणी—मैं प्रतिश्रुत होती हूँ।
चाणक्य—राक्षस, मैं सुवासिनी से तुम्हारी भेट भी करा देता, परन्तु वह मुझ पर विश्वास नहीं कर सकती।
राक्षस—क्या वह भी यहीं है?
चाणक्य—कहीं होगी, तुम्हारा प्रत्यय देखकर वह आ सकती हैं।
राक्षस—यह लो मेरी अगुलीय मुद्रा। चाणक्य! सुवासिनी को कारागार से मुक्त करा कर मुझसे भेंट करा दो।
चाणक्य—(मुद्रा लेकर)—मैं चेष्टा करूँगा।
[प्रस्थान]
राक्षस—तो राजकुमारी, प्रणाम!
कल्याणी—तुमने अपना कर्तव्य भली-भाँति सोच लिया होगा। मैं जाती हूँ, और विश्वास दिलाती हूँ कि मुझसे तुम्हारा अनिष्ट न होगा।
[दोनों का प्रस्थान]
तृतीय अंक — दृश्य ३
रावी का तट––सिकन्दर का बेड़ा प्रस्तुत है; चाणक्य और पर्वतेश्वर
चाणक्य––पौरव, देखो वह नृशंसता की बाढ आन उतर जायगी। चाणक्य ने जो किया, वह भला था या बुरा, अब समझ में आवेगा।
पर्व०––मैं मानता हूँ, यह आप ही का स्तुत्य कार्य है।
चाणक्य––और चन्द्रगुप्त के बाहुवल का, पौरव! आज फिर मैं उसी बात को दुहराना चाहता हूँ। अत्याचारी नन्द के हाथो से मगध का उद्धार करने के लिए चाणक्य ने तुम्ही से पहले सहायता मॉगी थी और अब तुम्ही से लेगा भी, अव तो तुम्हे विश्वास होगा?
पर्व––मैं प्रस्तुत हूँ आर्य्य!
चाणक्य––मै विश्वस्त हुआ। अच्छा, यवनो को आज विदा करना है।
[ एक ओर से सिकन्दर, सिल्यूकस, कार्नेलिया, फिलिप्स इत्यादि; और दूसरी ओर से चन्द्रगुप्त, सिंंहरण, अलका, मालविका और आम्भीक इत्यादि का यवन और भारतीय रणवाद्यों के साथ प्रवेश ]
सिक०––सेनापति चन्द्रगुप्त! बधाई है!
चन्द्र०––किस बात की राजन्!
सिक०––जिस समय तुम भारत के सम्राट् होगे, उस समय उपस्थित न रह सकूँँगा, उसके लिए पहले से बधाई है। मुझे उस नग्न ब्राह्मण दाण्ड्यायत की बातो का पूर्ण विश्वास हो गया।
चन्द्र०––आप वीर है।
सिक०––आर्य्य बीर! मैंने भारत में हरक्यूलिस, एचिलिस की आत्माओ को भी देखा और देखा डिमास्थनीज़ को। सभवत प्लेटो और अरस्तू भी होगे। मैं भारत का अभिनन्दन करता हूँ।
सिल्यू०––सम्राट्। यही अर्य्य चाणक्य है।
सिक०––धन्य है आप, मैं तलवार खीचे हुए भारत मे आया, हृदय देकर जाता हैं। विस्मय-विमुग्ध हूँ। जिनसे खङ्ग-परीक्षा हुई थी, युद्ध में जिनसे तलवारें मिली थीं, उनसे हाथ मिला कर—मैत्री के हाथ मिला कर जाना चाहता हूँ।
चाणक्य—हम लोग प्रस्तुत हैं सिकन्दर! तुम वीर हो, भारतीय सदैव उत्तम गुणों की पूजा करते हैं। तुम्हारी जल-यात्रा मंगलमय हो। हम लोग युद्ध करना जानते हैं, द्वेष नहीं।
[सिकन्दर हँसता हुआ अनुचरों के साथ नौका पर आरोहण करत हैं, नाव चलती है]
तृतीय अंक — दृश्य ४
४
पथ में चर और राक्षस
चर—छल! प्रवञ्चना!! विश्वासघात!!!
राक्षस—क्या है, कुछ सुनूँ भी!
चर—मगध से आज मेरा सखा कुरग आया है, उससे यह मालूम हुआ है कि महाराज नन्द का कुछ भी क्रोध आपके ऊपर नहीं, वह आप के शीघ्र मगध लौटने के लिए उत्सुक हैं।
राक्षस—और सुवासिनी?
चर—सुवासिनी सुखी और स्वतंत्र हैं। मुझे चाणक्य के चर से वह धोखा हुआ था, जब मैंने आपसे वहाँ का समाचार कहा था।
राक्षस—तब क्या मैं कुचक्र में डाला गया हूँ?—(विचार कर) चाणक्य की चाल है। ओह, मैं समझ गया। मुझे अभी निकल भागना चाहिये। सुवासिनी पर भी कोई अत्याचार मेरी मुद्रा दिखा कर न किया जा सके, इसके लिए मुझे शीघ्र मगध पहुँचना चाहिये।
चर—क्या आपने मुद्रा भी दें दी हैं?
राक्षस—मेरी मूर्खता। चाणक्य, मगध मे विद्रोह कराना चाहता है।
चर—अभी हम लोगों को मगध-गुल्म मार्ग में मिल जायगा, चाणक्य से बचने के लिये उसका आश्रय अच्छा होगा। दो तीव्रगामी अश्व मेरे अधिकार में हैं, शीघ्रता कीजिये।
राक्षस—तो चलो! मै चाणक्य के हाथों का कठपुतला बन कर मगध का नाश नहीं करा सकता।
[दोनों का प्रस्थान—अलका और सिंहरण का प्रदेश]
सिंह॰—देवी! पर इसका उपाय क्या है?
अलका—उपाय जो कुछ हो, मित्र के कार्य में तुमको सहायता करनी ही चाहिये। चन्द्रगुप्त आज कह रहे थें कि 'मगध जाऊँगा। देखूँ पर्वतेश्वर क्या कहते हैं।'
सिंह॰—चन्द्रगुप्त के लिए यह प्राण अर्पित है अलके, मालव कृतघ्न नहीं होते। देखो, चन्द्रगुप्त और चाणक्य आ रहे हैं।
अलका—और उधर से पर्वतेश्वर भी।
[चन्द्रगुप्त, चाणक्य और पर्वतेश्वर का प्रवेश]
सिंह॰—मित्र! अभी कुछ दिन और ठहर जाते तो अच्छा था; अथवा जैसी गुरुदेव की आज्ञा।
चाणक्य—पर्वतेश्वर, तुमने मुझसे प्रतिज्ञा की हैं!
पर्व॰—मैं प्रस्तुत हूँ, आर्य्य!
चाणक्य—अच्छा तो तुम्हे मेरे साथ चलना होगा। सिंहरण मालव गणराष्ट्र का व्यक्ति है, वह अपनी शक्ति भर प्रयत्न कर सकता है; किन्तु सहायता बिना परिषद् की अनुमति लिये असम्भव है। मैं परिषद् के सामने अपना भेद खोलना नहीं चाहता। इसलिए पौरव, सहायता केवल तुम्हें करनी होगी। मालव अपने शरीर और खड्ग का स्वामी हैं, वह मेरे लिए प्रस्तुत हैं। मगध का अधिकार प्राप्त होने पर जैसा कहोगे ......
पर्व॰—मैं कह चुका हूँ आर्य्य चाणक्य! इस शरीर में या धन में, विभव में या अधिकार में, मेरी स्पृहा नहीं रह गई। मेरी सेना के महाबलाधिकृत सिंहरण और मेरा कोप आप का हैं।
चन्द्र॰—मैं आप लोगों का कृतज्ञ होकर मित्रता को लघु नहीं बनाना चाहता। चन्द्रगुप्त सदैव आप लोगों का वही सहचर है।
चाणक्य—परन्तु तुम्हें अभी मगध नहीं जाना होगा। अभी जो मगध से संदेश मिले हैं, वे बड़े भयानक हैं! सेनापति, तुम्हारे पिता कारागार में है! और भी.........
चन्द्र॰—इतने पर भी आप मुझे मगध जाने से रोक रहे हैं?
चाणक्य—यह प्रश्न अभी मत करो।
[चन्द्रगुप्त सिर झुका लेता है, एक पत्र लिये मालविका का प्रवेश]
माल॰—यह सेनापती के नाम पर है।
चन्द्र॰—(पढ़कर)—आर्य्य, मैं जा भी नहीं सकता।
चाणक्य—क्यों?
चन्द्र॰—युद्ध का आह्वान है। द्वन्द्व के लिए फिलिप्स का निमंत्रण है।
चाणक्य—तुम डरते तो नहीं?
चन्द्र॰—आर्य्य! आप मेरा उपहास कर रहे हैं?
चाणक्य—(हँसकर)—तब ठीक है, पौरव! तुम्हारा यहाँ रहना हानिकारक होगा। उत्तरापथ की दासता के अवशिष्ट चिह्न फिलिप्स का नाश निश्चित है। चन्द्रगुप्त उसके लिए उपयुक्त है। परन्तु यवनों से तुम्हारा फिर संघर्ष मुझे ईष्सित नहीं है। यहाँ रहने से तुम्हीं पर सन्देह होगा, इसलिए तुम मगध चलो। और सिंहरण! तुम सन्नद्ध रहना, यवन-विद्रोह तुम्हीं को शान्त करना होगा।
[सब का प्रस्थान]
तृतीय अंक — दृश्य ५
५
मगध में नन्द की रंगशाला
[नन्द का प्रवेश]
नन्द—सुवासिनी!
सुवा॰—देव!
नन्द—कहीं दो घड़ी चैन से बैठने की छुट्टी भी नहीं, तुम्हारी छाया में विश्राम करने आया हूँ।
सुवा॰—प्रभु, क्या आज्ञा हैं? अभिनय देखने की इच्छा हैं?
नन्द—नहीं सुवासिनी, अभिनय तो नित्य देख रहा हूँ। छल, प्रतारणा, विद्रोह के अभिनय देखते-देखते ऑंखें जल रही हैं। सेनापति मौर्य्य—जिसके बल पर मैं भूला था, जिसके विश्वास पर मैं निश्चित सोता था, विद्रोही-पुत्र चन्द्रगुप्त को सहायता पहुँचाता है। उसी का न्याय करना था—आजीवन अन्धकूप का दण्ड देकर आ रहा हूँ। मन काँप रहा है—न्याय हुआ कि अन्याय! हृदय संदिग्ध है। सुवासिनी! किस पर विश्वास करूँ?
सुवा॰—अपने परिजनों पर देव!
नन्द—अमात्य राक्षस भी नहीं , मैं तो घबरा गया हूँ।
सुवा॰—द्राक्षासव ले आऊँ?
नन्द—ले आओ—(सुवासिनी जाती है)—सुवासिनी कितनी सरल हैं! प्रेम और यौवन के शीतल मेघ इन लहलही लता पर मँडरा रहे हैं। परन्तु.....
[सुवासिनी का पानपात्र लिये प्रवेश, पात्र भर कर देती है]
नन्द—सुवासिनी! कुछ गाओ,—वही उन्मादक गान!
[सुवासिनी गाती है]
आज इस यौवन के माधवी कुञ्ज में कोकिल बोल रहा!
मधु पीकर पागल हुआ, करता प्रेम-प्रलाप,
शिथिल हुआ जाता हृदय, जैसे अपने आप।
लाज के बन्धन खोल रहा!
बिछल रही है चाँदनी, छवि-मतवाली रात,
कहती कम्पित अधर से, बहकाने की बात।
कौन मधु-मदिरा घोल रहा?
नन्द—सुवासिनी! जगत् में और भी कुछ है—ऐसा मुझे नहीं प्रतीत होता! क्या उस कोकिल की पुकार केवल तुम्हीं सुनती हो? ओह! मैं इस स्वर्ग से कितनी दूर था! सुवासिनी![कामुक की-सी चेष्टा करता है]
सुवासिनी—भ्रम है महाराज! एक वेतन पानेवाली का यह अभिनय है।
नन्द—कभी नहीं, यह भ्रम है तो समस्त संसार मिथ्या है। तुम सच कहती हो, निर्बोध नन्द ने कभी वह पुकार नहीं सुनी। सुन्दरी! तुम मेरी प्राणेश्वरी हो।
सुवासिनी—(सहसा चकित होकर)—मैं दासी हूँ महाराज!
नन्द—यह प्रलोभन देकर ऐसी छलना! नन्द नहीं भूल सकता सुवासिनी! आओ—(हाथ पकड़ता है।)
सुवासिनी—(भयभीत होकर)—महाराज! मैं अमात्य राक्षस की धरोहर हूँ, सम्राट् की भोग्या नहीं बन सकती।
नन्द—अमात्य राक्षस इस पृथ्वी पर तुम्हारा प्रणयी होकर नहीं जी सकता।
सुवासिनी—तो उसे खोजने के लिए स्वर्ग में जाऊँगी।
[नन्द उसे बलपूर्वक पकड़ लेता है। ठीक उसी समय अमात्य का प्रवेश]
नन्द—(उसे देखते ही छेड़ता हुआ)—तुम! अमात्य, राक्षस! राक्षस—हाँ सम्राट्! एक अबला पर अत्याचार न होने देने के लिए ठीक समय पर पहुँचा।
नन्द—यह तुम्हारी अनुरक्ता है राक्षस! मैं लज्जित हूँ।
राक्षस—मैं प्रसन्न हुआ कि सम्राट् अपने को परखने की चेष्टा करते हैं। अच्छा, तो इस समय जाता हूँ। चलो सुवासिनी।
[दोनों जाते हैं]
तृतीय अंक — दृश्य ६
६
कुसुमपुर का प्रांत भाग—चाणक्य, मालविका और अलकामाल॰—सुवासिनी और राक्षस स्वतंत्र हैं। उनका परिणय शीघ्र ही होगा! इधर मौर्य कारागार में, वररुचि अपदस्थ; नागरिक लोग नन्दकी उच्छृंखलताओं से असन्तुष्ट हैं।
चाणक्य—ठीक है, समय हो चला है! मालविका, तुम नर्तकी बन सकती हो?
माल॰—हाँ, मैं नृत्य-कला जानती हूँ।
चाणक्य—तो नन्द की रंगशाला में जाओ और लो यह मुद्रा तथा पत्र, राक्षस का विवाह होने के पहले—ठीक एक घड़ी पहले—नन्द के हाथ में दे देना! और पूछने पर बता देना कि अमात्य राक्षस ने सुवासिनी को देने के लिए कहा था। परन्तु मुझसे भेंट न हो सकी, इसलिए वह उसे लौटा देने को लायी हूँ।
माल॰—(स्वगत) क्या?—असत्य बोलना होगा! चन्द्रगुप्त के लिए सब कुछ करूँगी। (प्रकट)—अच्छा।
चाणक्य—मैंने सिंहरण को लिख दिया था कि चन्द्रगुप्त को शीघ्र यहाँ भेजो। तुम यवनों के सिर उठाने पर उन्हें शान्त करके आना, तब तक अलका मेरी रक्षा कर लेगी। मैं चाहता हूँ कि सब सेना वणिकों केरूप में धीरे-धीरे कुसुमपुर में इकट्ठी हो जाय। उसी दिन राक्षस का ब्याह होगा, उसी दिन विद्रोह होगा और उसी दिन चन्द्रगुप्त राजा होगा!
अलका—परन्तु फिलिप्स से द्वंद्व-युद्ध से चन्द्रगुप्त को लौट तो आने दीजिए, क्या जाने क्या हो!
चाणक्य—क्या हो! वही होकर रहेगा जिसे चाणक्य ने विचार कर के ठीक कर लिया है। किन्तु अवसर पर एक क्षण का विलम्ब असफलता का प्रवर्तक हो जाता है।
[मालविका जाती है]
अलका—गुरुदेव, महानगरी कुसुमपुर का ध्वंस और नन्द-पराजय इस प्रकार संभव है?चाणक्य—अलके! चाणक्य अपना कार्य, अपनी बुद्धि से साधन करेगा। तुम देखती भर रहो और मैं जो बताऊँ करती चलो। मालविका अभी बालिका है, उसकी रक्षा आवश्यक है। उसे देखो तो।
[अलका जाती है]
चाणक्य—वह सामने कुसुमपुर है, जहाँ मेरे जीवन का प्रभात हुआ था। मेरे उस सरल हृदय में उत्कट इच्छा थी कि कोई भी, सुन्दर मन मेरा साथी हो। प्रत्येक नवीन परिचय में उत्सुकता थी और उसके लिए मन में सर्वस्व लुटा देने की सन्नद्धता थी। परन्तु संसार—कठोर संसार ने सिखा दिया है कि तुम्हें परखना होगा। समझदारी आने पर यौवन चला जाता है—जब तक माला गूँथी जाती है, तब तक फूल कुम्हला जाते हैं। जिससे मिलने के सम्भार की इतनी धूम-धाम, सजावट, बनावट होती है, उसके आने तक मनुष्य-हृदय को सुन्दर और उपयुक्त नहीं बनाए रह सकता। मनुष्य की चञ्चल स्थिति कब तक उस श्यामल कोमल हृदय को मरूभूमि बना देती है। यही तो विषमता है [ मैं—अविश्वास, कूट-चक्र और छलनाओं का कंकाल, कठोरता का केन्द्र! ओह! तो इस विश्व में मेरा कोई सुहृद नहीं है? मेरा संकल्प, अब मेरा आत्माभिमान ही मेरा मित्र है। और थी एक क्षीण रेखा, वह जीवन-पट से धुल चली है। धुल जाने दूँ? सुवासिनी न न न, वह कोई नहीं। मैं अपनी प्रतिज्ञा पर आसक्त हूँ। भयानक रमणीयता है। आज उस प्रतिज्ञा में जन्मभूमि के प्रति कर्तव्य का भी यौवन चमक रहा है] तृण-शय्या पर आधे पेट खाकर सो रहनेवाले के सिर पर दिव्य यश का स्वर्ण-मुकुट! और सामने सफलता का स्मृति-सौंध (आकाश की ओर देखकर) वह, इन लाल बादलों में दिग्दाहका धूम मिल रहा है! भीषण रव से सब जैसे चाणक्य का नाम चिल्ला रहे हैं। (देख कर) है! यह कौन भूमि-सन्धि तोड़कर सर्प के समान निकल रहा है! छिप कर देखूँ—[छिप जाता है। एक ढूह की मिट्टी गिरती है, उसमें से शकटार वनमानुष के समान निकलता है]
शक॰—(चारों ओर देखकर आँख बन्द कर लेता है, फिर खोलता हुआ)—आँखें नहीं सह सकती, इन्हीं प्रकाश-किरणों के लिए तड़प रही थीं! ओह, तीखी हैं! तो क्या मैं जीवित हूँ? कितने दिन हुए, कितने महीने, कितने वर्ष? नहीं स्मरण है। अन्धकूप की प्रधानता सर्वोपरि थी। सात लड़के भूख से तड़प कर मरे। कृतज्ञ हूँ उस अन्धकार का, जिसने उन विवर्ण मुखों को न देखने दिया। केवल उनके दम तोड़ने का क्षीण शब्द सुन सका। फिर भी जीवित रहा—सतू और नमक पानी से मिलाकर, अपनी नसों से रक्त पीकर जीवित रहा! प्रतिहिंसा के लिए!पर अब शेष है, दम घुट रहा है। ओह! (गिर पड़ता है।)
[चाणक्य पास आकर कपड़ा निचोड़ कर मुँह में जल डल सचेत करता है]
चाणक्य—आह! तम कोई दुखी मनुष्य हो! घबराओ मत, मैं तुम्हारी सहायता के लिए प्रस्तुत हूँ।
शक॰—(ऊपर देखकर)—तुम सहायता करोगे? आश्चर्य! मनुष्यमनुष्य की सहायता करेगा, वह उसे हिंस्र पशु के समान नोंच न ड़ालेगा! हाँ, यह दूसरी बात है कि वह जोंक की तरह बिना कष्ट दिये रक्त चूसे। जिसमें कोई स्वार्थ न हो, ऐसी सहायता! तुम भूखे भेड़िये!
चाणक्य—अभागे मनुष्य! सब से चौंक कर अलग न उछल! अविश्वास की चिनगारी पैरों के नीचे से हटा। तुझ जैसे दुखी बहुत पड़े हैं। यदि सहायता नहीं तो परस्पर का स्वार्थ ही सही।
शक॰—दुःख! दुःख का नाम सुना होगा, या कल्पित आशंका से तुम उसका नाम लेकर चिल्ला उठते होगे। देखा है कभी—सात-सात गोद के लालों को भूख से तड़प कर मरते? अन्धकार की घनी चादर में बरसों भूगर्भ की जीवित समाधि में एक-दूसरे को, अपना आहार देकर स्वेच्छा से मरते देखा हैं––प्रतिहिंसा की स्मृति को ठोकरे मार-मार कर जगाते, और प्राग विसर्जन करते? देखा है कभी यह कप्ट––उन सबो ने अपना आहार मुझे दिया और पिता होकर भी मैं पत्थर-सा जीवित रहा! उनका आहार खा डाला––उन्हे मरने दिया! जानते हो क्यो? वे सुकुमार थे, वे सुख की गोद में पले थे, वे नहीं सहन कर सकते थे, अत सब मर जाते। मैं बच रहा प्रतिशोध के लिए! दानवी प्रतिहिंसा के लिए! ओह! उस अत्याचारी नर-राक्षस की अँतडियो में से खीचकर एक बार रक्त का फुहारा छोडता!––इस पृथ्वी को उसी से रँगी देखता।
चाणक्य––सावधान! ( शकटार को उठाता है। )
शक०––सावधान हो वे, जो दुर्बलो पर अत्याचार करते है! पीडित पददलित, सब तरह लुटा हुआ! जिसने पुत्रों की हड्डियो से सुरंग खोदा है, नखो से मिट्टी हटाई है, उसके लिए सावधान रहने की आवश्यकता नहीं। मेरी वेदना अपने अन्तिम अस्त्रो से सुसज्जित है।
चाणक्य––तो भी तुमको प्रतिशोध लेना है! हम लोग एक ही पथ के पथिक है। घबराओ मत। क्या तुम्हारा और कोई भी इस संसार में जीवित नहीं?
शक०––बची थी, पर न जाने कहाँ है। एक वालिका––अपनी माता की स्मृति––सुवासिनी। पर अब कहाँ है, कौन जाने!
चाणक्य––क्या कहा? सुवासिनी?
शक०––हाँ सुवासिनी।
चाणक्य––और तुम शकटार हो?
शक०––( चाणक्य का गला पकडकर )––पोट दूँँगा गला––यदि फिर यह नाम तुमने लिया! मुझे नन्द से प्रतिशोध ले लेने दो, फिर चाहे डीडी पीटना।
चाणक्य––( उसका हाथ हटाते हुए )––वह सुवासिनी नन्द की रंगशाला में है। मुझे पहचानते हो?
शक॰—नहीं तो।—(देखता है।)
चाणक्य—तुम्हारे प्रतिवेशी, सखा ब्राह्मण चणक का पुत्र विष्णुगुप्त। तुम्हारी दिलायी हुई जिसकी ब्राह्मणवृत्ति छीन ली गयी, जो तुम्हारा सहकारी जान कार निर्वासित कर दिया गया, मैं उसी चणक का पुत्र चाणक्य हूँ, जिसकी शिखा पकड़ कर राजसभा में खींची गयी, जो बन्दीगृह में मृत्यु की प्रतीक्षा कर रहा था! मुझ पर विश्वास करोगे?
शक॰—(विचारता हुआ खड़ा हो जाता है)—करूँगा, जो तुम कहोगे वही करूँगा। किसी तरह प्रतिशोध चाहिए।
चाणक्य—तो चलो मेरी झोंपड़ी में, इस सुरंग को घास-फूस से ढँक दो।
[दोनों ढँक कर जाते हैं]
तृतीय अंक — दृश्य ७
७
नन्द के राजमन्दिर का एक प्रकोष्ठनन्द—आज क्यों मेरा मन अनायास ही शंकित हो रहा है। कुछ नहीं...होगा कुछ।
[सेनापति मौर्य्य की स्त्री को साथ लिए हुए वररुचि का प्रवेश]
नन्द—कौन है यह स्त्री?
वररुचि—जय हो देव, यह सेनापति मौर्य्य की स्त्री है।
नन्द—क्या कहना चाहती है?
स्त्री—राजा प्रजा का पिता है। वही उसके अपराधओं को क्षमा करके सुधार सकता है। चन्द्रगुप्त बालक है, सम्राट्! उसके अपराध मगध से कोई सम्बन्ध नहीं रखते, तब भी वह निर्वासित है। परन्तु सेनापति पर क्या अभियोग है? मैं असहाय मगध की प्रजा श्री-चरणों में निवेदन करती हूँ—मेरा पति छोड़ दिया जाय। पति और पुत्र दोनों से न वञ्चित की जाऊँ।
नन्द—रमणी! राजदण्ड पति और पुत्र के मोहजाल से सर्वथा स्वतंत्र है। षड्यन्त्रकारियों के लिए बहुत निष्ठुर है, निर्मम है! कठोर है! तुम लोग आग की ज्वाला से खेलने का फल भोगो। नन्द इन आँसू-भरी आँखों तथा अञ्चल पसार कर भिक्षा के अभिनय में नहीं भूलवायाजा सकता।
स्त्री—ठीक है महाराज! मैं ही भ्रम में थी। सेनापति मौर्य्य का ही तो यह अपराध है। जब कुसुमपुर की समस्त प्रजा विरुद्ध थी, जब जारज-पुत्र के रक्त-रँगे हाथों से सम्राट् महापद्म की लीला शेष हुई थी,तभी सेनापति को चेतना चाहिए था। कृतघ्न के साथ उपकार किया है,यह उसे नहीं मालूम था।
नन्द—चुप दुष्ट! (उसका केश पकड़ कर खींचना चाहता है,वररुचि बीच में आकर रोकता है।)
वर॰—महाराज! सावधान! यह अबला है, स्त्री है।
नन्द—यह मैं जानता हूँ कात्यायन! हटो।
वर॰—आप जानते हैं, पर इस समय आपको विस्मृत हो गया है।
नन्द—तो क्या मैं तुम्हें भी इसी कुचक्र में लिप्त समझूँ?
वर॰—यह महाराज की इच्छा पर निर्भर है, और किसी का दास न रहना मेरी इच्छा पर, मैं शस्त्र समर्पण करता हूँ।
नन्द—(वररुचि का छुरा उठा कर)—विद्रोह! ब्राह्मण हो न तुम; मैंने अपने को स्वयं धोखा दिया। जाओ। परन्तु ठहरो। प्रतिहार!
[प्रतिहार सामने आता है]
नन्द—इसे बन्दी करो। और इस स्त्री के साथ मौर्य्य के समीप पहुँचा दो।
[प्रहरी दोनों को बन्दी करते हैं]
वर॰—नन्द! तुमहारे पाप का घड़ा फूटना ही चाहता है। अत्याचार की चिनगारी साम्राज्य का हरा-भरा कानन दग्ध कर देगी! न्याय का गला घोंट कर तुम उस भीषण पुकार को नहीं दबा सकोगे जो तुम तक पहुँचती है अवश्य, किनतु चाटुकारों द्वारा और ही ढंग से।
नन्द—बस ले जाओ। (सब का प्रस्थान)
नन्द—(स्वगत) क्या अच्छा नहीं किया? परन्तु ये सब मिले है, जाने दो! (एक प्रतिहार का प्रवेश) क्या है?
प्रतिहार—जय हो देव! एक संदिग्ध स्त्री राज-मन्दिर में घूमती हुई पकड़ी गयी है। उसके पास अमात्य राक्षस की मुद्रा और एक पत्र मिला है।
नन्द—अभी ले आओ।
[प्रतिहार जाकर मालविका को साथ लाता है]
नन्द—तुम कौन हो?
माल॰—मैं एक स्त्री हूँ, महाराज!
नन्द—पर तुम यहाँ किसके पास आयी हो?
माल॰—मैं-मैं, मुझे किसी ने शतुद्र-तट से भेजा है। मैं पथ में बीमार हो गई थी, विलम्ब हुआ।
नन्द—कैसा विलम्ब?
माल॰—इस पत्र को सुवासिनी नाम की स्त्री के पास पहुँचाने में।
नन्द—तो किसने तुम्हे भेजा है?
माल॰—मैं नाम तो नहीं जानती।
नन्द—हूँ! (प्रतिहार से) पत्र कहाँ है?
[प्रतिहार पत्र और मुद्रा देता है। नन्द उसे पढ़ता है]
नन्द—तुमको बतलाना पड़ेगा, किसने तुमको यह पत्र दिया है। बोलो, शीघ्र बोलो, राक्षस ने भेजा था?
माल॰—राक्षस नहीं, वह मनुष्य था।
नन्द—दुष्टे, शीघ्र बता! वह राक्षस ही रहा होगा।
माल॰—जैसा आप समझ लें।
नन्द—(क्रोध से) प्रतिहार! इसे भी ले जाओ उन विद्रोहियों की माँद में! ठहरो, पहले जाकर शीघ्र सुवासिनी और राक्षस को, चाहे जिस अवस्था में हों, ले आओ!
[नन्द चिन्तित भाव से दूसरी ओर टहलता है, मालविका बंदी होती है]
नन्द—आज सबको एक साथ ही सूली पर चढ़ा दूँगा। नहीं—(पैर पटक कर)—हाथियों के पैरों के तले कुचलवाऊँगा। यह कथा समाप्त होनी चाहिए। नन्द नीचजन्मा है न! यह विद्रोह उसी के लिए किया जा रहा है, तो फिर उसे भी दिखा देना है कि मैं क्या हूँ, यह नाम सुनकर लोग काँप उठें। प्रेम न सही, भय का की सम्मान हो।
[पट-परिवर्तन]
तृतीय अंक — दृश्य ८
८
कुसुमपुर के प्रान्त-भाग में—पथ। चाणक्य और पर्वतेश्वरचाणक्य—चन्द्रगुप्त कहाँ है?
पर्व॰—सार्थवाह के रूप में युद्ध-व्यवसायिों के साथ आ रहे हैं। शीघ्र ही पहुँच जाने की सम्भावना है।
चाणक्य—और द्वन्द्व में क्या हुआ?
पर्व॰—चन्द्रगुप्त ने बड़ी वीरता से युद्ध किया। समस्त उत्तरापथ में फिलिप्स के मारे जाने पर नया उत्साह फैल गया है। आर्य्य,बहुत-से प्रमुख यवन और आर्य्यगण की उपस्थिति में वह युद्ध हुआ—वह खड्ग-परीक्षा देखने योग्य थी! वह वीर-दृश्य अभिनन्दनीय था।
चाणक्य—यवन लोगों के क्या भाव थे?
पर्व॰—सिंहरण अपनी सेना के साथ रंगशाला की रक्षा कर रहा था, कुछ हलचल तो हुई, पर वह पराजय का क्षोभ था। यूडेमिस, जो उसका सहकारी था, अत्यन्त क्रुद्ध हुआ। किसी प्रकार वह ठंडा पड़ा। यूडेमिस सिकन्दर की आज्ञा की प्रतीक्षा में रुका था। अकस्मात् सिकन्दर के मरने का समाचार मिला। यवन लोग अब अपनी ही सोच रहे हैं, चन्द्रगुप्त सिंहरण को वहीं छोड़ कर यहाँ चला आया, क्योंकि आपका आदेश था।
[अलका का प्रवेश]
अलका—गुरुदेव, यज्ञ का प्रारम्भ है।
चाणक्य—मालविका कहाँ है?
अलका—वह बन्दी की गयी और राक्षस इत्यादि भी बन्दी होने ही वाले हैं। वह भी ठीक ऐसे अवसर पर जब उनका परिणय हो रहा है। क्योंकि आज ही...
चाणक्य—तब तुम जाओ, अलके! उस उत्सव से तुम्हें अलग न रहना चाहिये। उनके पकड़े जाने के अवसर पर ही नगर भर में उत्तेजना फैल सकती है। जाओ शीघ्र।
पर्व॰—मुझे क्या आज्ञा है?
चाणक्य—कुछ चुने हुए अश्वारोहियों को साथ लेकर प्रस्तुत रहना। चन्द्रगुप्त जब भीतर से युद्ध प्रारम्भ करे, उस समय तुमको नगरद्वार पर आक्रमण करना होगा।
(गुफा का द्वार खुलना...मौर्य, मालविका, शकटार, वररुचि, पीछे-पीछे चन्द्रगुप्त की जननी का प्रवेश)
चाणक्य—आओ मौर्य्य!
मौर्य्य—हम लोगों के उद्धारकर्ता, आप ही महात्मा चाणक्य हैं?
माल॰—हाँ, यही हैं।
मौर्य्य—प्रणाम।
चाणक्य—शत्रु से प्रतिशोध लेने के लिए जियो सेनापति! नन्द के पापों की पूर्णता ने तुम्हारा उद्धार किया है। अब तुम्हारा अवसर है।
मौर्य्य—इन दुर्बल हड्डियों को अन्धकूप की भयानकता खटखटा रही है।
शकटार—और रक्तम गम्भीर बीभत्स दृश्य, हत्या का निष्ठुर आह्वान कर रहा है।
(चन्द्रगुप्त का प्रवेश, माता-पिता के चरण छूता है।)
चन्द्र॰—पिता! तुम्हारी यह दशा!! एक-एक पीड़ा की, प्रत्येक निष्ठुरता की गिनती होगी। मेरी माँ! उन सब का प्रतिकार होगा, प्रतिशोध लिया जायगा! ओ, मेरा जीवन व्यर्थ है! नन्द!
चाणक्य—चन्द्रगुप्त, सफलता का एक ही क्षण होता है। आवेश से और कर्तव्य से बहुत अन्तर है।
चन्द्रगुप्त—गुरुदेव आज्ञा दीजिए।
चाणक्य—देखो, उधर, नागरिक लोग आ रहे हैं। सम्भवतः यही अवसर है। तुम लोगों के भीतर जाने का और विद्रोह फैलाने का।
(नागरिकों का प्रवेश)
पहला नागरिक—वेण और कंस का शासन क्या दूसरे प्रकार का रहा होगा?
दूसरा नाग॰—ब्याह की वेदी से वर-वधू को घसीट ले जाना,इतने बड़े नागरिक का यह अपमान! अन्याय है।
तीसरा नाग॰—सो भी अमात्य राक्षस और सुवासिनी को! कुसुमपुर के दो सुन्दर फूल!
चौथा नाग॰—और सेनापति, मंत्री, सबों को अन्धकूप में डाल देना।
मौर्य्य—मंत्री, सेनापति और अमात्यों को बन्दी बना कर जो राज्यकरता है, वह कैसा अच्छा राजा है नागरिक! उसकी कैसी अद्भुत योग्यता है! मगध को गर्व होना चाहिए।
पहला नाग॰—गर्व नहीं वृद्ध! लज्जा होनी चाहिए। ऐसा जघन्य अत्याचार!
वर॰—यह तो मगध का पुराना इतिहास है। जरासंघ का यह अखाड़ा है। यहाँ एकाधिपत्य की कटुता सदैव से अभ्यस्त है।
दूसरा नाग॰—अभ्यस्त होने पर भी अब असह्य है।
शक॰—आज आप लोगों को बड़ी वेदना है, एक उत्सव का भंग होना अपनी आँखों से देखा है, नहीं तो जिस दिन शकटार को दण्डमिला था, एक अभिजात नागरिक की सकुटुम्ब हत्या हुई थी, उस दिन जनता कहाँ सो रही थी।
तीसरा नाग॰—सच तो, पिता के समान हम लोगों की रक्षा करनेवाला मंत्री शकटार—हे भगवान!
शक॰—मैं ही हूँ। कंकाल-सा जीवित समाधि से उठ खड़ा हुआ हूँ। मनुष्य मनुष्य को इस तरह कुचल कर स्थिर न कर सकेगा। मैं पिशाच बनकर लौट आया हूँ—अपने निरपराध सातों पुत्रों की निष्ठुर हत्या का प्रतिशोध लेने के लिए। चलोगे साथ?
चौथा नाग॰—मंत्री शकटार! आप जीवित हैं?
शक॰—हाँ, महापद्म के जारज पुत्र नन्द की—बधिक हिंस्र-पशु नन्द की—प्रतिहिंसा का लक्ष्य शकटार मैं ही हूँ!
सब नाग॰—हो चुका न्यायाधिकरण का ढोंग! जनता की शुभकामना करने की प्रतिज्ञा नष्ट हो गयी। अब नहीं, आज न्यायाधिकरण में पूछना होगा!
मौर्य्य—और मेरे लिए भी कुछ...
नाग॰—तुम...?
मौर्य्य—सेनापति मौर्य्य—जिसका तुम लोगों को पता ही न था।
नाग॰—आश्चर्य! हम लोग आज क्या स्वप्न देख रहे हैं? अभी लौटना चाहिए। चलिए आप लोग भी।
शक॰—परन्तु मेरी रक्षा का भार कौन लेता है?
(सब इधर-उधर देखने लगते हैं, चन्द्रगुप्त तन कर खड़ा हो जाता है।)
चन्द्र॰—मैं लेता हूँ। मैं उन सब पीड़ित, आघात-जर्जर, पददलित लोगों का संरक्षक हूँ, जो मगध की प्रजा हैं।
चाणक्य—साधु! चन्द्रगुप्त!
(सहसा सब उत्साहित हो जाते हैं, पर्वतेश्वर और चाणक्य तथा वररुचि को छोड़ कर सब जाते हैं।)
वररुचि—चाणक्य! यह क्या दावाग्नि फैला दी तुमने?
चाणक्य—उत्पीड़न की चिनगारी को अत्याचारी अपने ही अञ्चल में छिपाए रहता है। कात्यायन! तुमने अन्धकूप का सुख क्यों लिया?—कोई अपराध तुमने किया था?
वर॰—नन्द की भूल थी। उसे अब भी सुधारा जा सकता है। ब्राह्मण! क्षमानिधि! भूल जाओ!
चाणक्य—प्रतिज्ञा पूर्ण होने पर हम-तुम साथ ही वैखानस होंगे, कात्यायन! शक्ति हो जाने दो, फिर क्षमा का विचार करना। चलो पर्वतेश्वर! सावधान!!
(सब का प्रस्थान)
तृतीय अंक — दृश्य ९
९
नन्द की रंगशाला—सुवासिनी और राक्षस बन्दी-वेश मेंनन्द—अमात्य राक्षस, यह कौन-सी मंत्रणा थी? यह पत्र तुम्हीं ने लिखा है?
राक्षस—(पत्र लेकर पढ़ता हुआ) —"सुवासिनी, उस कारागार से शीघ्र निकल भागो, इस स्त्री के साथ मुझसे आकर मिलो। मैं उत्तरापथ में नवीन राज्य की स्थापना कर रहा हूँ। नन्द से फिर समझ लियाजायगा" इत्यादि। (नन्द की ओर देखकर) आश्चर्य, मैंने तो यह नहीं लिखा! यह कैसा प्रपंच है,—और किसी का नहीं, उसी ब्राह्मण चाणक्य का महाराज, सतर्क रहिए, अपने अनुकूल परिजनों पर भी अविश्वास न कीजिए। कोई भयानक घटना होने वाली है, यह उसी का सूत्रपात है।
नन्द—इस तरह से मैं प्रतारित नहीं किया जा सकता, देखो य हतुम्हारी मुद्रा है। (मुद्रा देता है)
(राक्षस देखकर सिर नीचा कर लेता है।]
नन्द—कृतघ्न! बोल, उत्तर दे!
राक्षस—मैं कहूँ भी, तो आप मानने ही क्यों लगे!
नन्द—तो आज तुम लोगों को भी उसी अन्धकूप में जाना होगा, प्रतिहार!
(राक्षस बन्दी किया जाता है। नागरिकों का प्रवेश।)
[राक्षस को श्रृंखला में जकड़ा हुआ देखकर उन सबों में उत्तेजना]
नाग॰—सम्राट्! आपसे मगध की प्रजा प्रार्थना करती है कि नागरिक राक्षस और अन्य लोगों पर भी राजदण्ड द्वारा किये गये जो अत्याचार है, उनका फिर से निराकरण होना चाहिए।
नन्द—क्या! तुम लोगों को मेरे न्याय में अविश्वास है?
नाग॰—इसके प्रमाण हैं—शकटार, वररुचि और मौर्य्य!
नन्द—(उन लोगों को देखकर) शकटार! तू अभी जीवित है?
शक॰—जीवित हूँ नन्द। नियति सम्राटों से भी प्रबल है।
नन्द—यह मैं क्या देखता हूँ! प्रतिहार! पहले इन विद्रोहियों को बन्दी करो। क्या तुम लोगों ने इन्हें छुड़ाया है?
नाग॰—उनका न्याय हम लोगों के सामने किया जाय, जिससे हम लोगों को राज-नियमों में विश्वास हो सम्राट्! न्याय को गौरव देने के लिए इनके अपराध सुनने की इच्छा आपकी प्रजा रखती है।
नन्द—प्रजा की इच्छा से राजा को चलना होगा?
नाग॰—हाँ, महाराज।
नन्द—क्या तुम सब-के-सब विद्रोही हो?
नाग॰—यह सम्राट् अपने हृदय से पूछ देखें?
शक॰—मेरे सात निरपराध पुत्रों का रक्त!
नाग॰—न्यायाधिकरण की आड़ में इतनी बड़ी नृशंसता!
नन्द—प्रतिहार! इन सबको बन्दी बनाओ!
[राज-प्रहरियों का सबको बाँधने का उद्योग, दूसरी ओर से सैनिकों के साथ चन्द्रगुप्त का प्रवेश]
चन्द्र॰—ठहरो! (सब स्तब्ध रह जाते हैं) महाराज नन्द! हम सब आपकी प्रजा हैं, मनुष्य हैं, हमें पशु बनने का अवसर न दीजिए।
वररुचि—विचार की तो बात है, यदी सुव्यवस्था से काम चल जाय, तो उपद्रव क्यों हो?
नन्द—(स्वगत)—विभीषिका! विपत्ति! सब अपराधी और विद्रोही एकत्र हुए हैं (कुछ सोचकर प्रकट) अच्छा मौर्य्य! तुम हमारे सेनापति हो और तुम वररुचि! हमने तुम लोगों को क्षमा कर दिया!
शक॰—और हम लोगों से पूछो! पूछो नन्द। अपनी नृशंसताओं से पूछो! क्षमा? कौन करेगा। तुम? कदापि नहीं। तुम्हारे घृणित अपराधों का न्याय होगा।
नन्द—(तन कर)—तब रे मूर्खों! नन्द की निष्ठुरता! प्रतिहार! राजसिंहासन संकट में है! आओ, आज हमें प्रजा से लड़ना है!
[प्रतिहार प्रहरियों के साथ आगे बढ़ता है—कुछ युद्ध होने के साथ ही राजपक्ष के कुछ लोग मारे जाते हैं, और एक सैनिक आकर नगर के ऊपर आक्रमण होने की सूचना देता है। युद्ध करते-करते चन्द्रगुप्त नन्द को बन्दी बनाता है।]
[चाणक्य का प्रवेश]
चाणक्य—नन्द! शिखा खुली है। फिर खिंचवाने की इच्छा हुई है, इसीलिए आया हूँ। राजपद के अपवाद नन्द! आज तुम्हारा विचार होगा!
नन्द—तुम ब्राह्मण। मेरे टुकड़ों से पले हुए। दरिद्र! तुम मगध के सम्राट् का विचार करोगे! तुम सब लुटेरे हो, डाकू हो! विप्लवी हो—अनार्य्य हो।
चाणक्य—(राजसिंहासन के पास जाकर)—नन्द! तुम्हारे ऊपर इतने अभियोग है—महापद्म की हत्या, शकटार को बन्दी करना—उसके सात पुत्रों को भूख से तड़पा कर मारना! सेनापति मौर्य्य की हत्या का उद्योग—उसकी स्त्री को और वररुचि को बन्दी बनाना, कितनी ही कुलीन कुमारियों का सतीत्व नाश—नगर-भर में व्यभिचार का स्रोत बहाना! ब्राह्मस्व और अनाथों की वृत्तियों का अपहरण! अन्त में सुवासिनी पर अत्याचार—शकटार की एकमात्र बची हुई सन्तान, सुवासिनी, जिसे तुम अपनी घृणित पाशव-वृत्ति का...!
नागरिक—(बीच में रोक कर हल्ला मचाते हुए)—पर्य्याप्त है। यह पिशाचलीला और सुनने की आवश्यकता नहीं, सब प्रमाण वहीं उपस्थित हैं।
चन्द्र॰—ठहरिए! (नन्द से) कुछ उत्तर देना चाहते हैं?
नन्द—कुछ नहीं।
("वध करो!" "हत्या करो!" का आतंक फैलता है।)
चाणक्य—तब भी कुछ समझ लेना चाहिए नन्द! हम ब्राह्मण हैं, तुम्हारे लिए, भिक्षा माँग कर तुम्हें जीवन-दान दे सकते हैं। लोगे?
("नहीं मिलेगी, नहीं मिलेगी" की उत्तेजना)
[कल्याणी को बन्दिनी बनाए पर्वतेश्वर का प्रवेश]
नन्द—आ बेटी, असह्य! मुझे क्षमा करो! चाणक्य, मैं कल्याणी के संग जंगल में जाकर तपस्या करना चाहता हूँ।
चाणक्य—नागरिक वृन्द! आप लोग आज्ञा दें—नन्द को जाने की आज्ञा!
शक॰—(छुरा निकलकर नन्द की छाती में घुसेड़ देता है) सात हत्याएँ हैं! यदि नन्द सात जन्मों में मेरे ही द्वारा मारा जय तो मैं उसे क्षमा कर सकता हूँ। मगध नन्द के बिन भी जी सकता है।
वररुचि—अनर्थ!
[सब स्तब्ध रह जाते हैं।]
राक्षस—चाणक्य, मुझे भी कुछ बोलने का अधिकार है?
चन्द्र॰—अमात्य राक्षस का बंधन खोल दो! आज मगध के सब नागरिक स्वतंत्र हैं।
[राक्षस, सुवासिनी, कल्याणी का बंधन खुलता है।]
राक्षस—राष्ट्र इस तरह नहीं चल सकता।
चाणक्य—तब?
राक्षस—परिषद् की आयोजना होनी चाहिए।
नागरिक वृन्द—राक्षस, वररुचि, शकटार, चन्द्रगुप्त और चाणक्य की सम्मिलित परिषद् की हम घोषणा करते हैं।
चाणक्य—परन्तु उत्तरापथ के समान गणतंत्र की योग्यता मगध में नहीं, और मगध पर विपत्ति की भी संभावना है। प्राचीनकाल से मगध साम्राज्य रहा है, इसीलिए यहाँ एक सबल और सुनियंत्रित शासक की आवश्यकता है। आप लोगों को यह जान लेना चाहिए कि यवन अभी हमारी छाती पर हैं। नाग०––तो कौन इसके उपयुक्त है?
चाणक्य––आप ही लोग इसे विचारिए।
शक०––हम लोगो का उद्धारकर्ता। उत्तरापथ के अनेक समरो का विजेता––बीर चन्द्रगुप्त!
नाग०––चन्द्रगुप्त की जय!
चाणक्य––अस्तु, बढो चन्द्रगुप्त! सिंहासन शून्य नहीं रह सकता। अमात्य राक्षस! सम्राट् का अभिषेक कीजिये!
[ मृतक हटाए जाते है ; कल्याणी दूसरी ओर जाती है ; राक्षस चन्द्रगुप्त का हाथ पकड़कर सिंहासन पर बैठाता है ]
सब नाग०––सम्राट् चन्द्रगुप्त की जय! मगध की जय!
चाणक्य––मगध के स्वतंत्र नागरिको को बधाई है! आज आप लोगो के राष्ट्र का नवीन जन्म-दिवस है । स्मरण रखना होगा कि ईश्वर ने सब मनुष्यों को स्वतंत्र उत्पन्न किया है, परन्तु व्यक्तिगत स्वतत्रता वहीं तक दी जा सकती है, जहाँ दूसरो की स्वतंत्रता में बाधा न पडे। यही राष्ट्रीय नियमों का मूल है। वत्स चन्द्रगुप्त! स्वेच्छाचारी शासन का परिणाम तुमने स्वयं देख लिया है, अब मत्रि-परिपद् की सम्मति से मगध और आर्यावर्त्त के कल्याण में लगो।
( 'सम्राट चन्द्रगुप्त की जय' का घोष ) [ पटाक्षेप ]